डेस्क : लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला। केरल में जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी “कंप्रोमाइज्ड” हैं। उन्होंने कहा, “अमेरिका-भारत समझौते के डिटेल देखने पर स्पष्ट हो जाएगा कि कोई भी भारतीय प्रधानमंत्री इसे तब तक साइन नहीं कर सकता जब तक वह कंप्रोमाइज्ड न हो।”
राहुल ने मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार ने कृषि क्षेत्र को अमेरिकी किसानों के लिए खोल दिया है और देश की ऊर्जा सुरक्षा को भी अमेरिका के हाथ में सौंप दिया है। उन्होंने दावा किया कि आज भारत अपनी मर्जी से तेल नहीं खरीद सकता, बल्कि उसे अमेरिका से अनुमति लेनी पड़ती है।
केरल में एलडीएफ को फायदा पहुंचाना चाहते हैं मोदी
राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री केरल में यूडीएफ सरकार नहीं चाहते, क्योंकि वे जानते हैं कि भ्रष्टाचार के कारण एलडीएफ को नियंत्रित किया जा सकता है और एलडीएफ कभी भी दिल्ली में उन्हें चुनौती नहीं दे सकता। राहुल ने आरोप लगाया कि केवल कांग्रेस ही मोदी को राष्ट्रीय स्तर पर चुनौती दे सकती है, इसी कारण मोदी केरल में एलडीएफ को मजबूत करना चाहते हैं।
सबरीमाला मुद्दे पर चुप्पी का आरोप
राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर सबरीमाला मामले पर चुप रहने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि यह संकेत है कि भाजपा और वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) साथ काम कर रहे हैं। 9 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव में राहुल ने दावा किया कि कांग्रेस को माकपा और भाजपा के गठबंधन से मुकाबला करना पड़ रहा है।
राहुल ने कहा, “हम एलडीएफ के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं, जिसे भाजपा का पूरा समर्थन प्राप्त है। एक तरफ संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (UDF) है और दूसरी तरफ माकपा-भाजपा का गठजोड़।”
विपक्षी पर दबाव, केरल में नहीं
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा गुपचुप तरीके से एलडीएफ को फायदा पहुंचा रही है। राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के साथ कांग्रेस की वैचारिक लड़ाई है। उन्होंने यह भी दावा किया कि जबकि उनके खिलाफ केंद्रीय एजेंसियों ने कार्रवाई की, केरल में एलडीएफ नेताओं के खिलाफ ऐसा कोई दबाव नहीं है। राहुल ने कहा, “मेरे खिलाफ 36 मामले दर्ज किए गए हैं और मुझसे लगातार 55 घंटे तक पूछताछ की गई। लेकिन केरल के मुख्यमंत्री या एलडीएफ नेताओं पर ऐसी कोई कार्रवाई नहीं हुई।”













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
