डेस्क: चुनावी राज्यों पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक में मुस्लिम समुदाय को ओबीसी आरक्षण दिए जाने को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राज्यसभा में तीखी प्रतिक्रिया दी। भाजपा सांसद डॉ. के. लक्ष्मण ने सोमवार को शून्यकाल के दौरान सदन में प्रश्न उठाते हुए कहा कि इन राज्यों में मुस्लिम जातियों को ओबीसी आरक्षण दिया जा रहा है, जो सामाजिक न्याय और संविधान के तहत ओबीसी समुदाय को मिले अधिकारों का उल्लंघन है। उन्होंने इस व्यवस्था की समीक्षा करने की मांग की।
डॉ. लक्ष्मण ने स्पष्ट किया कि संविधान में धर्म के आधार पर आरक्षण का प्रावधान नहीं है और इसे सामाजिक न्याय के दृष्टिकोण से उपयुक्त नहीं माना जा सकता। डॉ. लक्ष्मण भाजपा ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सांसद हैं।
वहीं, कांग्रेस समेत विपक्षी दलों ने इस प्रस्ताव का विरोध किया और सदन से वॉकआउट कर दिया। विपक्ष के इस कदम पर भाजपा नेता एवं राज्यसभा सदस्य जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि विपक्षी दल संसद की परंपराओं और नियमों का पालन नहीं करते। उन्होंने कहा कि विपक्ष केवल वोट बैंक और तुष्टिकरण की राजनीति के तहत मुस्लिम आरक्षण की पैरवी कर रहा है।
नड्डा ने आगे कहा कि आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय ने पहले ही इस तरह के आरक्षण को असंवैधानिक ठहराया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार हर विषय पर खुली चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन विपक्ष बहस में रुचि रखने की बजाय लगातार बहिर्गमन को प्राथमिकता देता है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
