डेस्क : देश में तेजी से चर्चा में आई ऑनलाइन राजनीतिक-सामाजिक पहल ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) ने अपनी संरचना को औपचारिक रूप देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। आगामी 6 जून को प्रस्तावित विरोध-प्रदर्शन से पहले संगठन ने तीन नए प्रवक्ताओं की नियुक्ति की घोषणा की है।
जारी जानकारी के अनुसार, इस आंदोलन ने सौरभ दास, विजेता दहिया और आशुतोष रांका को प्रवक्ता के रूप में नामित किया है। सौरभ दास को मुख्य प्रवक्ता की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि अन्य दोनों प्रवक्ता संगठन की ओर से सार्वजनिक संवाद और मीडिया से बातचीत करेंगे।
संगठन की ओर से बताया गया कि सौरभ दास एक खोजी पत्रकार हैं, जिन्होंने लंबे समय तक कानूनी, सामाजिक और प्रशासनिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग की है। वहीं विजेता दहिया को लेखक, फिल्मकार और राजनीतिक शोधकर्ता के रूप में प्रस्तुत किया गया है। आशुतोष रांका को भी संगठन के विचारों और नीतिगत दृष्टिकोण को सामने रखने वाले प्रवक्ता के रूप में शामिल किया गया है।
कॉकरोच जनता पार्टी पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया पर तेजी से उभरा एक युवा-आधारित आंदोलन है, जो देश की शिक्षा व्यवस्था, बेरोजगारी और व्यवस्था संबंधी समस्याओं पर सवाल उठा रहा है। संगठन का दावा है कि वह युवाओं की आवाज को संगठित रूप में सामने लाने का प्रयास कर रहा है।
6 जून को दिल्ली में प्रस्तावित विरोध-प्रदर्शन को लेकर भी तैयारियां तेज हैं, जिसे यह समूह अपने आंदोलन का महत्वपूर्ण चरण बता रहा है।
हालांकि, इस आंदोलन को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग इसे युवाओं की अभिव्यक्ति का नया माध्यम मान रहे हैं, जबकि कुछ इसे व्यंग्य और डिजिटल सक्रियता का विस्तार बता रहे हैं।
इस बीच, यह संगठन लगातार अपने ढांचे को मजबूत करने और सार्वजनिक मंच पर अपनी उपस्थिति बढ़ाने की दिशा में कदम बढ़ा रहा है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत