स्पोर्ट्स डेस्क: पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने गुरुवार को स्पष्ट किया कि भारत के खिलाफ टी20 विश्व कप मैच का बहिष्कार उनकी टीम के नियंत्रण में नहीं था। उन्होंने कहा कि यह निर्णय उनकी सरकार का था और टीम इसके पालन में बाध्य है।
पाकिस्तान ने रविवार को भारत के खिलाफ 15 फरवरी को होने वाले ग्रुप लीग मुकाबले का बहिष्कार करने की घोषणा की थी। हालांकि, पाकिस्तान सरकार ने सात फरवरी से शुरू हो रहे टूर्नामेंट में राष्ट्रीय टीम की भागीदारी को पहले ही मंजूरी दे दी थी।
सलमान ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा, “भारत का मैच हमारे नियंत्रण में नहीं है। यह सरकार का फैसला है और हम उसका सम्मान करेंगे। जो भी कहा जाएगा, हम वही करेंगे। मुझे नहीं पता कि मैच होगा या नहीं, लेकिन सरकार के निर्णय का पालन करना हमारी जिम्मेदारी है।”
उन्होंने यह भी कहा कि अगर दोनों टीमें नॉकआउट चरण में आमने-सामने आती हैं, तो टीम फिर से सरकार के निर्देशों के अनुसार निर्णय लेगी।
बांग्लादेश और टूर्नामेंट पर असर
सलमान ने बांग्लादेश की गैर-भागीदारी को लेकर दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “वे हमारे भाई हैं। टूर्नामेंट में उनका न होना दुख की बात है। हम चाहते हैं कि वे हमारा समर्थन करें, लेकिन उन्हें विश्व कप में खेलते नहीं देख सकते।”
नई टीम और नई उम्मीदें
सलमान ने पिछले विश्व कप में अमेरिका के खिलाफ हार को याद करते हुए कहा कि यह अब इतिहास है। “यह एक नया विश्व कप है, नई टीम और नया संयोजन है। मैं कप्तान के तौर पर सिर्फ टीम का नेतृत्व करना और उनके सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन को सुनिश्चित करना चाहता हूं।”
उन्होंने बताया कि पाकिस्तान टीम ने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 3-0 की सीरीज जीतकर आत्मविश्वास हासिल किया है, हालांकि मेहमान टीम में उनके कई शीर्ष खिलाड़ी नहीं थे। सलमान ने कहा, “भारत के मैच के अलावा सवाल सुनना अच्छा लगा। हमारी टीम लगातार अच्छा क्रिकेट खेल रही है और इस विश्व कप में भी हम अच्छा प्रदर्शन करने की उम्मीद रखते हैं।”
पाकिस्तान ने पिछले तीन आईसीसी टूर्नामेंटों में शुरुआती दौर में ही बाहर होना पड़ा था और भारत से भी हार का सामना किया था। सलमान ने कहा, “पिछले अनुभव हमें सिखाते हैं और हमने उनसे बहुत कुछ सीखा है। अब हमारा फोकस सिर्फ अच्छे क्रिकेट पर है।”
सलमान ने श्रीलंका को अपना ‘दूसरा घर’ कहा और कहा कि मौसम जैसी अप्रत्याशित परिस्थितियों से निपटना टीम के लिए चुनौती होगी। “हम यहां अच्छा क्रिकेट खेलने आए हैं और किसी भी चुनौती का सामना करेंगे।”













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

