डेस्क :राजस्थान के सलूम्बर जिले में एक रहस्यमयी बीमारी ने प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। जिले के दो गांवों में पिछले कुछ दिनों के भीतर कई बच्चों की मौत होने से इलाके में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रभावित गांवों में बच्चों को अचानक तेज बुखार, उल्टी और कमजोरी जैसे लक्षण सामने आए। हालत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान कई मासूमों ने दम तोड़ दिया। मृत बच्चों की उम्र लगभग 2 से 5 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य सरकार ने तुरंत संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अधिकारियों को स्थिति की निगरानी करने और बीमारी के कारणों का जल्द से जल्द पता लगाने के निर्देश दिए हैं।
जांच के लिए आरएनटी मेडिकल कॉलेज, उदयपुर से विशेषज्ञों की टीम प्रभावित गांवों में पहुंच चुकी है। इसके अलावा जयपुर से भी अतिरिक्त चिकित्सा दल भेजे गए हैं, जो घर-घर जाकर बच्चों की स्वास्थ्य जांच कर रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने एहतियात के तौर पर पूरे इलाके में सघन स्क्रीनिंग अभियान शुरू किया है। जिन बच्चों में बुखार या अन्य लक्षण पाए जा रहे हैं, उन्हें तुरंत उपचार के लिए अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है। साथ ही मच्छरजनित बीमारियों की आशंका को देखते हुए फॉगिंग, साफ-सफाई और एंटी-लार्वा गतिविधियां भी तेज कर दी गई हैं।
अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल बीमारी के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है। नमूनों को जांच के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि यह किसी संक्रमण, वायरस या अन्य कारण से फैल रही है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि घबराएं नहीं, लेकिन बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर सतर्क रहें और किसी भी प्रकार के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें।
फिलहाल, पूरे मामले पर सरकार की नजर बनी हुई है और विशेषज्ञों की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

