पटना:लोकसभा चुनाव 2024 के नतीजे को लेकर राजद के युवराज और लालू प्रसाद यादव के बेटे तेजस्वी यादव काफी कॉन्फिडेंट दिख रहे हैं। रविवार को राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के समापन में शामिल होने के लिए मुंबई रवाना होने से पहले तेजस्वी यादव ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में बिहार चौंकाने वाला रिजल्ट देगा। तेजस्वी यादव ने टीवी चैनल के सर्वे रिपोर्ट पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर बिहार के साथ पक्षपात करने का आरोप लगाया।
बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि लोकतंत्र के सबसे बड़े महापर्व आम चुनाव की शुरुआत हो गई है। चुनाव के लिए हम पूरी तरीके से तैयार हैं और काफी कॉन्फिडेंट भी हैं। बिहार इस बार बहुत चौंकाने वाला रिजल्ट देगा। बहुत सारे टीवी चैनलों ने अपना सर्वे किया है। उनका यह काम है जो करते हैं। लेकिन बिहार के लोगों का अंडर करंट महागठबंधन के पक्ष में है। लोग 17 साल बनाम 17 महीने की बात को भूले नहीं हैं। केंद्र सरकार ने बीते 10 सालों में बिहार के लिए क्या किया. यह बात सभी लोग जानते हैं।
तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार को ना स्पेशल पैकेज मिला ना विशेष राज्य का दर्जा दिया गया। बीजेपी की सरकार ने बिहार के लिए कुछ नहीं किया। यह बात माननीय मुख्यमंत्री और उनके मंत्री भी बार-बार कहते रहे। लेकिन बीजेपी के साथ जाने के बाद मुख्यमंत्री जी कुछ बोल नहीं पा रहे हैं। नीतीश कुमार पर तंज करते हुए तेजस्वी ने कहा कि वह अभिभावक हैं और हम उनकी मजबूरी को समझते हैं।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
