नई दिल्ली: भारतीय सेना और ब्रिटिश सेना के बीच होने वाले द्विवार्षिक संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘अजेया वॉरियर’ का आठवां संस्करण इस वर्ष 17 से 30 नवंबर तक राजस्थान के महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में आयोजित किया जाएगा। इसकी जानकारी भारतीय सेना के अतिरिक्त महानिदेशालय जनसंपर्क (ADG-PI) ने एक्स पर साझा की।
पोस्ट में बताया गया कि इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य अर्ध-शहरी वातावरण में संयुक्त आतंकवाद-रोधी अभियानों के दौरान दोनों सेनाओं के बीच ऑपरेशनल सामंजस्य और तालमेल को मजबूत करना है। यह अभ्यास संयुक्त राष्ट्र के अध्याय-VII के प्रावधानों के तहत संचालित होगा, जो भारत और यूनाइटेड किंगडम की वैश्विक शांति और सुरक्षा के प्रति साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इसके साथ ही, दोनों सेनाओं के बीच रक्षा सहयोग, सौहार्द और आपसी विश्वास को और गहरा करने का लक्ष्य भी निहित है।
रक्षा मंत्रालय की एक पूर्व विज्ञप्ति के अनुसार, वर्ष 2023 में ‘अजेया वॉरियर-23’ का सातवां संस्करण ब्रिटेन के सालिस्बरी प्लेन्स में आयोजित किया गया था। इस अभ्यास का उद्देश्य सकारात्मक सैन्य संबंध बनाना, सर्वोत्तम प्रथाओं का आदान-प्रदान करना और संयुक्त राष्ट्र जनादेश के तहत शहरी एवं अर्ध-शहरी क्षेत्रों में कंपनी-स्तरीय उप-पारंपरिक अभियानों को साथ मिलकर संचालित करने की क्षमता विकसित करना है। साथ ही इससे इंटर-ऑपरेबिलिटी, मित्रता, सौहार्द और आपसी समझ और मजबूत होती है।
ध्यान देने योग्य है कि यह अभ्यास ऐसे समय हो रहा है जब हाल ही में भारतीय नौसेना और ब्रिटेन की रॉयल नेवी ने अक्टूबर में ‘एक्सरसाइज़ कोंकण-25’ को सफलतापूर्वक सम्पन्न किया है। बीते दो दशकों में यह नौसैनिक अभ्यास अपने पैमाने और जटिलता में काफी विस्तृत हुआ है, जिससे समुद्री अभियानों में दोनों देशों की सेनाओं के बीच बेहतर सामंजस्य और समझ विकसित हुई है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

