पटना:लोकसभा चुनाव के बीच बिहार में जेडीयू नीतीश कुमार के 18 साल के कामों एवं उपलब्धियों का घर-घर जाकर प्रचार करेगी। दो चरणों के चुनाव होने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं को यह टास्क दिया है। सीएम नीतीश ने शनिवार को विभिन्न लोकसभा क्षेत्रों के जेडीयू पंचायत अध्यक्षों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि बिहार में हर क्षेत्र और हर वर्गों तक विकास पहुंचा है। वे बिहार में 18 साल की विकास गाथा को घर-घर बताएं। महिला सशक्तीकरण की दिशा में जो काम हुए हैं उसे भी महिलाओं के बीच जाकर बताएं। लोकसभा चुनाव की अगले चरण की तैयारियों के मद्देनजर मुख्यमंत्री शनिवार को जेडीयू दफ्तर पहुंचे।
नीतीश कुमार ने कहा कि हमने समाज के सभी तबकों के लिए काम किया है। पहले बिहार में स्वास्थ्य और शिक्षा की स्थिति बदतर हुआ करती थी। 2005 के बाद हमारी सरकार ने शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में अभूतपूर्व काम किया। 2005 से पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर प्रतिमाह औसतन 39 मरीज जाते थे लेकिन अब वह संख्या बढ़कर 10 हजार से अधिक हो गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब हम केंद्र में मंत्री थे तो उस समय भी बिहार में सड़कों की स्थिति बेहद खराब थी। अपने क्षेत्र में हमें पैदल जाना पड़ता था। लेकिन, आज बिहार के सभी क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा सुगम हुई है। 2005 के बाद हिंदू-मुस्लिम के बीच के झगड़े बिल्कुल बंद हो गए। पहले शाम होते ही कोई घर से बाहर नहीं निकलता था।
पूरा बिहार मेरा परिवार : सीएम
नीतीश कुमार ने आरजेडी को भी निशाने पर लिया और कहा कि 15 सालों में उन लोगों ने कुछ नहीं किया। सिर्फ अपने परिवार के सदस्यों को आगे बढ़ाया। लेकिन हमारा कोई परिवार राजनीति में नहीं है। पूरे बिहार को ही हम अपना परिवार मानते हैं। हमें काम करने का मौका मिला तो हमने पूरी ईमानदारी से अपने दायित्वों का निवर्हन किया। महिलाओं को पंचायती राज एवं नगर निकायों में 50 फीसदी आरक्षण दिया। बच्चियों के लिए पोशाक व साइकिल योजना की शुरुआत की।
इस बार बड़े अंतर से जीत हासिल करना है : नीतीश
मुख्यमंत्री ने तीसरे, चौथे और पांचवे चरण में होने वाले चुनाव सम्बंधित तैयारियों का जायजा भी लिया। साथ ही एनडीए प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित कराने हेतु पार्टी के तमाम पदाधिकारियों को कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पिछली बार की अपेक्षा इस बार बड़े अंतर से जीत हासिल करनी है। इस मौके पर प्राथमिक इकाई के अनेक पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी बात भी रखी।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
