स्पोर्ट्स डेस्क : भारतीय अंडर-17 महिला फुटबॉल टीम एएफसी अंडर-17 महिला एशियन कप चीन 2026 में हिस्सा लेने के लिए सोमवार को चीन के सूझोउ पहुंच गई। गुरुग्राम में संक्षिप्त तैयारी शिविर के बाद टीम अब महाद्वीपीय चुनौती के लिए पूरी तरह तैयार है।
भारतीय टीम ने 21 वर्षों बाद इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई किया है। युवा टाइग्रेस अपना पहला मुकाबला 2 मई को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलेंगी। इसके बाद 5 मई को जापान और 8 मई को लेबनान से भिड़ंत होगी। भारत को ग्रुप-बी में रखा गया है।
टूर्नामेंट के सभी भारतीय मुकाबले सूझोउ ताइहू फुटबॉल स्पोर्ट्स सेंटर में खेले जाएंगे। प्रत्येक समूह की शीर्ष दो टीमें और तीनों समूहों में तीसरे स्थान पर रहने वाली दो सर्वश्रेष्ठ टीमें क्वार्टर फाइनल में पहुंचेंगी। क्वार्टर फाइनल जीतने वाली चार टीमें फीफा अंडर-17 महिला विश्व कप मोरक्को 2026 के लिए क्वालीफाई करेंगी।
इतालवी मुख्य कोच Pamela Conti के मार्गदर्शन में भारतीय टीम ने जनवरी से लगातार तीन महीने से अधिक समय तक अभ्यास किया है। टीम का अधिकांश प्रशिक्षण शिविर बेंगलुरु में आयोजित हुआ। फरवरी में भारतीय टीम ने सैफ अंडर-19 महिला चैम्पियनशिप का खिताब अपने नाम किया था। मार्च में म्यांमार के खिलाफ खेले गए दो मैत्री मैचों में भी भारत ने जीत दर्ज की थी।
इस महीने की शुरुआत में भारतीय टीम ने रूस के सोची में रूस के खिलाफ तीन अभ्यास मैच खेले। हालांकि टीम को हार का सामना करना पड़ा, लेकिन मजबूत प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ खेलने से खिलाड़ियों को महत्वपूर्ण अनुभव मिला। रूस दौरे से लौटने के बाद टीम ने 20 से 26 अप्रैल तक गुरुग्राम में अंतिम तैयारी शिविर लगाया और फिर चीन रवाना हुई।
सोमवार सुबह सूझोउ पहुंचने के बाद भारतीय टीम शाम को अपना पहला प्रशिक्षण सत्र करेगी। प्रतियोगिता का सीधा प्रसारण एएफसी के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर किया जाएगा।
भारत का कार्यक्रम (भारतीय समयानुसार)
- 2 मई : ऑस्ट्रेलिया बनाम भारत – शाम 5 बजे
- 5 मई : भारत बनाम जापान – शाम 5 बजे
- 8 मई : भारत बनाम लेबनान – दोपहर 1 बजे













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
