डेस्क: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर द प्लुरल पार्टी (TPP) ने तैयारियां तेज़ कर दी हैं। शनिवार को पटना के एक होटल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी प्रमुख पुष्पम प्रिया चौधरी ने ऐलान किया कि उनकी पार्टी राज्य की सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। साथ ही उन्होंने बताया कि वे स्वयं दरभंगा से चुनाव मैदान में उतरने पर विचार कर रही हैं, जिसे उन्होंने अपना “क्षेत्रीय घर” बताया।
महिला सशक्तिकरण के मुद्दे पर अन्य दलों पर निशाना साधते हुए पुष्पम प्रिया ने सवाल उठाया, “जब हर दल महिला अधिकारों की बात करता है—चाहे वो एनडीए हो या इंडिया गठबंधन, तो फिर महिला मुख्यमंत्री के चेहरे को आगे क्यों नहीं लाते?” उन्होंने चुनौती दी कि यदि राज्य की 50% आबादी महिलाएं हैं, तो दलों को अगला मुख्यमंत्री महिला घोषित करना चाहिए।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब उनसे मास्क पहनने को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा, “2020 में जब मैं चुनाव हारी, तो लोगों ने कहा कि मैं अब मुंह दिखाने लायक नहीं रही। यह भी कहा गया कि मैं अपने चेहरे का इस्तेमाल कर लोगों को प्रभावित करती हूं। इसलिए मैंने मास्क पहनना शुरू कर दिया। लेकिन जिस दिन कोई दल महिला को मुख्यमंत्री पद का चेहरा बनाएगा, मैं मास्क उतार दूंगी।”
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि चुनाव आयोग ने उनकी पार्टी को सीटी चुनाव चिन्ह आवंटित किया है। उन्होंने कहा, “यह सीटी बिहार के विकास की सीटी है।”
इस अवसर पर पार्टी के महासचिव अनुपम सुमन समेत कई अन्य नेता भी मौजूद थे।
गौरतलब है कि पुष्पम प्रिया चौधरी, जेडीयू नेता विनोद चौधरी की बेटी हैं। उन्होंने 8 मार्च 2020, महिला दिवस के दिन ‘द प्लुरल पार्टी’ की स्थापना की थी। वर्ष 2020 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने बांकीपुर (पटना) और बिस्फी (मधुबनी) से चुनाव लड़ा था, लेकिन दोनों सीटों पर उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

