डेस्क:गाजियाबाद में ट्रोनिका सिटी थाना पुलिस ने इलायचीपुर गांव के जंगल में दो दिन पहले हुई किशोर की हत्या का पर्दाफाश करते हुए उसके तीन दोस्तों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने इंस्टाग्राम पर हंसी-मजाक वाले कॉमेंटकरने पर हुए विवाद के बाद हुई मारपीट का बदला लेने के लिए किशोर पर चाकू और छूरी से 27 वार कर हत्या की थी। आरोपी किशोर को घुमाने के बहाने घर से लेकर आए थे और हत्या से पहले छोले-भटूरे भी खिलाए थे।
दिल्ली के खजूरी में श्रीराम कॉलोनी निवासी 17 वर्षीय किशोर रिहान का शव मंगलवार रात को इलायचीपुर के जंगल में मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गहरे आघात से मौत की पुष्टि हुई थी। वहीं, रिहान की मां की शिकायत पर पुलिस ने बुधवार को उसके दोस्त वसीम, साहिल उर्फ टुल्ली निवासी श्रीराम कॉलोनी खजूरी दिल्ली और रिहान उर्फ पंडत निवासी कासिम विहार फेस दो, इलायचीपुर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी।
बुधवार रात पुलिस टीम ने तीनों आरोपियों को कासिम विहार कॉलोनी से गिरफ्तार कर लिया। एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चारों काफी पुराने दोस्त थे। रिहान समेत सभी सोशल मीडिया पर थे। रिहान वसीम और एक युवती के इंस्टाग्राम पर कमेंट करता था। कुछ कमेंट से वसीम चिढ़ गया था। इसे लेकर रिहान और वसीम में मारपीट भी हुई थी।
वसीम ने बदला लेने के लिए साजिश रची। रिहान को भनक न लगे, इसके लिए वह उससे दोबारा दोस्त की तरह मिलने लगा। मंगलवार को अपने दोनों साथियों संग वह रिहान के घर गया और उसे लाकर इलायचीपुर में हत्या कर दी। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि साहिल ने रिहान को पीछे से पकड़ लिया और वसीम ने चाकू व रिहान ने छुरी से कई वार कर दिए। इससे वह बेहोश होकर जमीन पर गिर गया। इस दौरान एक गाड़ी को अपनी ओर आता देख साहिल के हाथ से छुरी घटना स्थल पर गिर गई। मौके से भागते समय कुछ दूरी पर जाकर वसीम ने चाकू को कीकर के पेड़ के पास छिपा दिया। एसीपी ने बताया कि आरोपियों की निशानदेही पर चाकू और छुरी बरामद कर ली है।
आरोपियों ने हत्या करने से पहले छोले-भटूरे खिलाए
कासिम विहार में रहने वाला रिहान उर्फ पंडत भी पूर्व में श्रीराम कॉलोनी में ही रहता था। कुछ समय पहले ही उसका परिवार कासिम विहार में शिफ्ट हुआ है। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने इलायचीपुर में ही हत्या करने की साजिश रची थी। इसके तहत सोमवार को किशोर को उसके घर बुलाकर ले गए। रास्ते में उसे छोले-भटूरे भी खिलाए। पंडत ने अपने घर घुमाने की बात कही तो बाकी दोनों आरोपियों ने भी चलने को कहा और इसी बहाने से किशोर को घटनास्थल पर ले गए और हत्याकांड को अंजाम दिया। रिहान एसी-मैकेनिक का काम सीख रहा था, जबकि उसके पिता दुबई में नौकरी करते हैं।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

