डेस्क:सुनील शेट्टी ने माना शेट्टी से लव मैरिज की थी और आज भी दोनों एक-दूसरे से बहुत प्यार करते हैं। सोशल मीडिया पर भी दोनों एक-दूसरे पर खूब प्यार बरसाते रहते हैं। अब सुनील ने हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान कहा कि आज के समय में शादी काफी बदल गई है। इतना ही नहीं उन्होंने यह भी कहा कि महिलाओं को समझना होगा कि अगर पति जॉब करता है तो पत्नी को बच्चे देखने चाहिए।
सुनील ने पिंकविला से बात करते हुए कहा, ‘आज कल बच्चों में धैर्य ही नहीं है। शादी कुछ टाइम के बाद एक समझौता है जहां आपको एक-दूसरे को समझना होगा। फिर एक बच्चा आता है और पत्नी को ये जानना जरूरी है कि पति करियर बनाएगा तो बच्चे को मैं देख रही हूं। हां पति साथ में देखेगा पर आज कल सब चीजों में प्रेशर बहुत हो गया है।’
सुनील ने आगे कहा, ‘सब आज के समय में सलाह देते हैं। लेकिन जो असली दुनिया है वही आपको सिखाता है कैसे मां बनें, कैसे पिता बनें, क्या खाएं और क्या करें। मुझे लगता है एक्सपीरियंस से सीखना बेहतर होता है जैसे अपनी दादी, मां, बहनों या ससुराल वालों से सीखो। लेकिन अब काफी कुछ बदल गया है। अब लोगों के शादी से पहले ही तलाक हो जाते हैं।’
बता दें कि सुनील ने 1991 में माना शेट्टी से शादी की थी। सुनील और माना ने हमेशा एक-दूसरे को सपोर्ट किया है। सुनील ने एक बार बताया था कि क्योंकि माना उनकी कम्यूनिटी से नहीं थीं इसलिए एक्टर के पैरेंट्स इस शादी के खिलाफ थे।
सुनील ने यह भी बताया था कि जब उन्होंने अपनी डेब्यू फिल्म साइन की थी तब उन्होंने माना से शादी की क्योंकि वह हमेशा उनके सपोर्ट में थीं। कई लोगों ने सुनील को कहा था कि अभी शादी मत करो क्योंकि इससे फैन फॉलोइंग पर असर पड़ेगा, लेकिन सुनील ने किसी की बात नहीं मानी और शादी की।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

