स्पोर्ट्स डेस्क: हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 में लगातार दूसरी जीत दर्ज की है। भारत ने रविवार को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में पाकिस्तान को 88 रनों से रौंदा। भारत ने 248 रनों का लक्ष्य दिया, जिसके जवाब में चिर प्रतिद्विंदी पाकिस्तान टीम 43 ओवर में 159 पर ढेर हो गई। । 22 वर्षीय गेंदबाज क्रांति गौड़ ने पाकिस्तान को नेस्तनाबूद किया। उन्होंने 10 ओवर के स्पेल में 20 रन देकर शीर्ष क्रम के तीन बल्लेबाजों का शिकार किया, जिससे पाकिस्तान उबर नहीं सका। क्रांति को शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। टीम इंडिया ने पाकिस्तान को 12वां झन्नाटेदार चांटा मारा है। दरअसल, भारत ने महिला वनडे में पाकिस्तान के खिलाफ लगातार 12वीं जीत हासिल की है। पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम ने कभी भारत से वनडे मैच नहीं जीता। वर्ल्ड कप में भारत की यह पाकिस्तान के खिलाफ पांचवीं जीत है।
पाकिस्तान की 7 प्लेयर सिंगल डिजिट में आउट
लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की शुरुआत बेहद खराब रही। सलामी बल्लेबाज मुनीबा अली (2) चौथे ओवर में रनआउट हुईं। वहीं, क्रांति ने आठवें ओवर में सदाफ शमास (6) को कॉट एंड बोल्ड किया। क्रांति ने आलिया रियाज (2) को 12वें जबकि नतालिया परवेज (33) को 28वें ओवर में पवेलियन की राह दिखाई। नतालिया ने सिदरा अमीन (106 गेंदों में 86) के साथ चौथे विकेट के लिए 69 रनों की साझेदारी की। दीप्ति शर्मा ने कप्तान फातिमा सना (2) को अपने जाल में फंसाया। पाकिस्तान के पांच विकेट 102 रन पर गिर गए थे। इसके बाद, अमीन ने विकेटकीपर सिदरा नवाज (14) के संग छठे विकेट के लिए 41 रनों की पार्टनरशिप की। सिदरा 38वें ओवर में लौटीं, जिसके बाद पाकिस्तान की पारी गर्त में चली गई। पाकिस्तान की सात प्लेयर दहाई का आंकड़ा नहीं छू सके। क्रांति के अलावा दीप्ति ने तीन शिकार किए। स्नेह राणा ने दो विकेट अपने नाम किए।
भारत के लिए हरलीन ने बनाए सबसे ज्यादा रन
इससे पहले, भारत ने निर्धारित 50 ओवर में 10 विकेट के नुकसान पर 247 रन जुटाए। भारत हरलीन देओल की (65 गेंद 46) संयम से खेली गई पारी और अंत में ऋचा घोष (20 गेंदों नाबाद 35) की तूफानी बैटिंग की बदौलत सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचा। धीमी पिच पर भारतीय टीम का शीर्ष क्रम लड़खड़ा गया। मैच के दौरान कीड़ों के भगाने के लिए ‘फ्यूमिगेशन ब्रेक’ से भी रूकावट आई। पिच पर काफी करीबी फैसले लिए गए और गफलत भी हुई, जिससे भारतीय खिलाड़ियों की लय और बिगड़ गई। देओल ने मध्य ओवरों में पारी को संभाला। सलामी बल्लेबाज प्रतिका रावल (31) ने डायना बेग की गेंदों पर लगातार तीन चौके जड़कर भारत को तेज शुरुआत कराई। लेकिन स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना (23) एक बार फिर पावरप्ले के अंदर आउट हो गईं, जिससे शीर्ष क्रम शुरुआती दबाव में आ गया।
मंधाना को कप्तान फातिमा सना ने किया आउट
बेग की गेंद पर एलबीडब्ल्यू की अपील से बचने के बाद मंधाना नौंवे ओवर में कप्तान फातिमा सना की गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट हो गईं। पाकिस्तान की अनुशासित गेंदबाजों ने कसी लाइन और गति में चतुराईपूर्ण बदलाव करते हुए बल्लेबाजों पर लगाम लगाए रखी। उन्होंने भारतीय बल्लेबाजों को लय में नहीं आने दिया और नियमित अंतराल पर विकेट झटके। तेज गेंदबाज बेग ने 69 रन देकर चार जबकि फातिमा सना ने 38 रन देकर दो विकेट झटके। रावल आउट होने वाली अगली बल्लेबाज रहीं, वह सादिया इकबाल की गेंद पर बोल्ड हो गईं। देओल ने संयम से खेलते हुए कप्तान हरमनप्रीत कौर (19) के साथ 39 रन की साझेदारी की और फिर जेमिमा रोड्रिग्स के साथ 45 रन जोड़े।
ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा के बल्ले से रन भी निकले
हरमनप्रीत लय में दिख रही थीं लेकिन डायना बेग की गेंद उनके बल्ले के अंदरूनी किनारे को छूकर विकेटकीपर के हाथों में चली गई। हरलीन शॉट लगाने के प्रयास में आउट हो गईं। पाकिस्तान ने लगातार दबाव बनाए रखा। जेमिमा को दो रन पर जीवनदान मिला था, वह 32 रन बनाकर आउट होने वाली अगली बल्लेबाज रहीं। दीप्ति शर्मा (25) और स्नेह राणा (20) की अनुभवी जोड़ी ने इसके बाद 42 रन की साझेदारी करके पारी को संभाला। भारतीय टीम अंत में तेजी से रन जुटाने की कोशिश में थी। लेकिन सना और बेग ने डेथ ओवरों में वापसी करते हुए दोनों को आउट कर दिया। पाकिस्तान ने अंतिम ओवरों में दबाव बनाया लेकिन रिचा ने तीन चौके और दो छक्के लगाकर रन जुटा लिए। भारतीय पारी अंतिम गेंद पर सिमट गई और ऋचा नाबाद रहीं।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

बहुत बहुत बधाई हो।