डेस्क:कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने हरियाणा के IPS ऑफिसर पूरन कुमार की आत्महत्या मामले में भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, RSS पर हमला बोलते हुए कहा है कि उनकी नफरती सोच ने समाज में जहर भर दिया है, जिसके कारण दलित, मुस्लिम और आदिवासी न्याय की उम्मीद खोते जा रहे हैं।
बता दें कि पूरन कुमार रोहतक रेंज कर IG पद पर तैनात थे। कुमार ने कथित तौर पर चंडीगढ़ स्थित अपने आवास पर खुद को गोली मार ली थी। मंगलवार को उनके कमरे से उनका शव बरामद किया गया था। जानकारी के मुताबिक उन्होंने एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है जिसमें उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों के नाम लिखकर मानसिक उत्पीड़न और अपमान का आरोप लगाया है।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “हरियाणा के IPS अधिकारी वाई पूरन कुमार जी की आत्महत्या उस गहराते सामाजिक जहर का प्रतीक है, जो जाति के नाम पर इंसानियत को कुचल रहा है। जब एक IPS अधिकारी को उसकी जाति के कारण अपमान और अत्याचार सहने पड़ें, तो सोचिए, आम दलित नागरिक किन हालात में जी रहा होगा।
‘वंचित वर्ग के खिलाफ अन्याय अपनी चरम सीमा पर’
राहुल गांधी ने हाल ही में रायबरेली में हरिओम वाल्मीकि की हत्या और सुप्रीम कोर्ट में भारत के मुख्य न्यायाधीश बीआर गवई पर जूता फेंकने की कोशिश का भी जिक्र किया और कहा कि हाशिए पर पड़े लोगों के खिलाफ अन्याय चरम पर है। राहुल गांधी ने लिखा, “रायबरेली में हरिओम वाल्मीकि की हत्या, सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश का अपमान और अब पूरन जी की मृत्यु, ये घटनाएं बताती हैं कि वंचित वर्ग के खिलाफ अन्याय अपनी चरम सीमा पर है। BJP-RSS की नफरत और मनुवादी सोच ने समाज को विष से भर दिया है। दलित, आदिवासी, पिछड़े और मुस्लिम आज न्याय की उम्मीद खोते जा रहे हैं।” उन्होंने आगे लिखा, “ये संघर्ष केवल पूरन जी का नहीं, हर उस भारतीय का है जो संविधान, समानता और न्याय में विश्वास रखता है।”
डीजीपी और एसपी के खिलाफ मामला दर्ज
इस बीच IPS अधिकारी की पत्नी और आईएएस अधिकारी अमनीत पी. कुमार ने बुधवार को राज्य के डीजीपी शत्रुजीत सिंह कपूर और रोहतक के एसपी नरेंद्र बिजारनिया के खिलाफ जातिगत भेदभाव और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पूरन कुमार ने अपने सुसाइड नोट में कई वरिष्ठ अधिकारियों के नाम लिए थे और अपनी पत्नी से अधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने कराने को कहा था।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
