भारतीय अध्यात्म परंपरा में भक्ति को प्रायः भावना का विषय मान लिया जाता है, किंतु शास्त्रीय दृष्टि से भक्ति चेतना की सर्वोच्च अवस्था है। यह वह स्थिति है जहाँ साधक का ‘मैं’ क्रमशः क्षीण होता जाता है और अंततः पूर्णतः विलीन हो जाता है। इस विलय का सबसे सशक्त, सबसे जीवंत और सबसे प्रमाणिक प्रतीक हैं—हनुमान जी।
हनुमान जी की भक्ति में कोई प्रदर्शन नहीं है, कोई दावा नहीं है, कोई अपेक्षा नहीं है। वहाँ केवल एक ही सत्य है—राम। यही कारण है कि हनुमान जी को देखने, समझने और पढ़ने के बाद यह स्पष्ट हो जाता है कि सच्ची भक्ति क्या होती है और वह साधक से क्या मांग करती है।
हनुमान जी स्वयं को कभी ‘भक्त’ कहकर प्रस्तुत नहीं करते। वे न तो अपने बल का उल्लेख करते हैं, न ही अपने पराक्रम का। लंका दहन जैसे विराट कर्म के बाद भी उनका कथन यही रहता है—“जो कुछ हुआ, वह रामकृपा से हुआ।” यह वाक्य केवल विनय नहीं, बल्कि उस अवस्था का उद्घोष है जहाँ कर्ता-भाव समाप्त हो चुका है। जब कर्म होता है, पर ‘करने वाला’ अनुपस्थित होता है—वही भक्ति की चरम अवस्था है।
आध्यात्मिक दृष्टि से ‘मैं’ ही सबसे बड़ा बंधन है। अहंकार चाहे ज्ञान का हो, तप का हो या भक्ति का—वह साधक को केंद्र में रखता है। हनुमान जी की भक्ति इस केंद्र को ही विस्थापित कर देती है। वे स्वयं को कथा के केंद्र से हटा देते हैं और राम को वहाँ प्रतिष्ठित कर देते हैं। इसीलिए वे रामायण के सबसे शक्तिशाली पात्र होते हुए भी सबसे विनम्र दिखाई देते हैं।
हनुमान जी की ब्रह्मचर्य-परंपरा भी इसी विसर्जन का विस्तार है। यह केवल शारीरिक संयम नहीं, बल्कि चेतना का अनुशासन है। जहाँ ऊर्जा का प्रवाह ‘मैं’ की तृप्ति के लिए नहीं, बल्कि ईश्वर की सेवा के लिए समर्पित हो जाता है। यही कारण है कि हनुमान जी की शक्ति अनियंत्रित नहीं, संयमित है; प्रचंड है, पर उद्दंड नहीं।
जब सीता माता पूछती हैं कि तुम कौन हो, तब हनुमान जी का उत्तर आध्यात्मिक साहित्य का शिखर बन जाता है—“देह बुद्ध्या तु दासोऽस्मि, जीव बुद्ध्या त्वदंशकः, आत्म बुद्ध्या त्वमेवाहम्।” यह उत्तर किसी दर्शन-ग्रंथ से नहीं, आत्मसाक्षात्कार से उत्पन्न हुआ है। यहाँ ‘मैं’ तीन स्तरों पर विलीन हो चुका है—देह में दास, जीव में अंश और आत्मा में अभिन्न।
आज के समय में, जहाँ भक्ति भी अक्सर पहचान, मंच और प्रदर्शन से जुड़ गई है, हनुमान जी हमें मौन का पाठ पढ़ाते हैं। वे सिखाते हैं कि ईश्वर के निकट वही पहुँचता है जो स्वयं को पीछे छोड़ देता है। जहाँ ‘मैं’ कम होता जाता है, वहीं राम प्रकट होते हैं।
हनुमान जी की भक्ति हमें यह भी सिखाती है कि विनय दुर्बलता नहीं है। वास्तविक शक्ति वही है जो स्वयं को सिद्ध करने की आवश्यकता से मुक्त हो जाए। जब साधक यह स्वीकार कर लेता है कि वह कुछ भी नहीं है और सब कुछ ईश्वर है—तभी वह वास्तव में समर्थ होता है।
अंततः हनुमान जी केवल एक पौराणिक चरित्र नहीं, बल्कि चेतना की वह अवस्था हैं जहाँ भक्ति साधना नहीं रहती, बल्कि स्वभाव बन जाती है। वहाँ साधक नहीं रहता, साधना नहीं रहती—केवल ईश्वर शेष रहता है।
और शायद इसी कारण हनुमान जी आज भी जाग्रत हैं—क्योंकि जहाँ ‘मैं’ नहीं होता, वहाँ ईश्वर सोता नहीं।












मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

