डेस्क : पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच कूटनीतिक बयानबाज़ी तेज होती जा रही है। ख्वाजा आसिफ ने अमेरिका पर तंज कसते हुए कहा है कि युद्ध का असली मकसद बदलता नजर आ रहा है और अब ध्यान स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को खुलवाने पर केंद्रित हो गया है।
आसिफ का यह बयान ऐसे समय में आया है जब पाकिस्तान ने अमेरिका और ईरान के बीच मध्यस्थता करने और बातचीत की मेजबानी की पेशकश की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि युद्ध से पहले खुला रहने वाला होर्मुज अब संघर्ष का केंद्र बनता जा रहा है।
इसी बीच हालात और गंभीर हो गए हैं। ईरान ने अमेरिका के युद्धविराम प्रस्ताव को ठुकराते हुए इजरायल और खाड़ी देशों पर हमले तेज कर दिए हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, कुवैत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर हमले से भीषण आग लग गई। यह जवाबी कार्रवाई उस समय हुई जब तेहरान पर इजरायली हमले हुए और वॉशिंगटन ने क्षेत्र में सैन्य तैनाती बढ़ाई।
ईरान के सरकारी प्रसारक प्रेस टीवी के मुताबिक, एक वरिष्ठ अधिकारी ने स्पष्ट किया कि युद्ध तभी खत्म होगा जब ईरान चाहेगा और उसकी शर्तें पूरी होंगी। तेहरान ने संकेत दिया है कि उसके हमले जारी रहेंगे।
इस बीच पाकिस्तान की ओर से 15 सूत्रीय युद्धविराम प्रस्ताव भी ईरान तक पहुंचाया गया है। इसमें प्रतिबंधों में ढील, परमाणु कार्यक्रम पर नियंत्रण, मिसाइल सीमा तय करने और होर्मुज को दोबारा खोलने जैसे अहम मुद्दे शामिल हैं। गौरतलब है कि दुनिया के करीब 20 प्रतिशत तेल का आवागमन इसी जलडमरूमध्य से होता है।
उधर, डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान परमाणु हथियार नहीं रखने पर सहमत हो गया है और उसने होर्मुज से जुड़ा एक “महत्वपूर्ण संकेत” दिया है। ट्रंप के अनुसार, यह संकेत तेल और गैस आपूर्ति से संबंधित है और इससे यह साफ होता है कि बातचीत सही दिशा में बढ़ रही है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

