डेस्क : बीकानेर जिले के खाजूवाला इलाके में एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। यहां एक युवक ने अपनी लिव-इन पार्टनर की हत्या कर दी और शव को जंगल में फेंकने के बाद खुद ही थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब 1:15 बजे 9 DWD गांव के पास जंगल में 35 वर्षीय जसवीर कौर का शव मिला। प्रारंभिक जांच में हत्या की पुष्टि हुई। घटना के कुछ ही समय बाद आरोपी हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी सिंह खुद खाजूवाला थाने पहुंच गया और जुर्म कबूल कर लिया।
खुद थाने पहुंचकर किया जुर्म कबूल
खाजूवाला थानाधिकारी सुरेंद्र प्रजापत ने बताया कि आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या की है और शव चक 9 DWD में फेंक दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हालांकि मृतका के परिजनों का आरोप है कि हत्या में धारदार हथियार और लाठियों से भी मारपीट की गई। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरी घटना की जांच कर रही है।
लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी महिला
मृतका के भाई बलविंद्र सिंह ने बताया कि जसवीर कौर की पहले 27 KYD गांव में शादी हुई थी, लेकिन उसने कुछ समय बाद पति को छोड़कर 8 DWD गांव निवासी हरप्रीत सिंह के साथ रहने लगी। दोनों करीब ढाई साल से लिव-इन रिलेशनशिप में थे। इस दौरान करीब एक साल पहले जसवीर ने एक बेटे को जन्म दिया था।
परिवार का आरोप है कि इस रिश्ते में लगातार तनाव था और आरोपी अक्सर महिला के साथ मारपीट करता था।
हत्या से पहले जताया था खतरा
बलविंद्र सिंह के अनुसार, घटना से एक दिन पहले जसवीर ने उन्हें फोन कर अपनी जान को खतरा बताया था। उसने कहा था कि हरप्रीत ने उसके बेटे को उससे अलग कर दिया है और वह उसे मारने की धमकी दे रहा है।
जसवीर ने बताया कि आरोपी बेटे को अपने पिता के पास छोड़कर गया है और वापस आकर कभी भी उसे नुकसान पहुँचा सकता है। परिवार ने भरोसा दिलाया था कि अगले दिन मामला सुलझा लिया जाएगा, लेकिन उससे पहले ही हत्या हो गई।
अज्ञात कॉल से पता चला हादसे का सच
बलविंद्र सिंह ने बताया कि गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे उन्हें अज्ञात व्यक्ति का फोन आया, जिसमें बताया गया कि हरप्रीत ने जसवीर की हत्या कर दी है। इसके बाद परिवार में हड़कंप मच गया और पुलिस को सूचना दी गई।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

