डेस्क: चंडीगढ़ में पंजाब भाजपा मुख्यालय के बाहर हुए ब्लास्ट के पांच दिन बाद एक बार फिर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं। सोमवार को चंडीगढ़ और जालंधर के कई स्कूलों, सरकारी इमारतों और संस्थानों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। यह धमकी ईमेल के जरिए भेजी गई, जिसमें ग्रेनेड हमलों का भी जिक्र किया गया है।
धमकी में विशेष रूप से पंजाब यूनिवर्सिटी के गांधी भवन को निशाना बनाते हुए रात 9:11 बजे ग्रेनेड हमला करने की बात कही गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन हरकत में आ गए और सभी संदिग्ध स्थानों पर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया।
स्कूलों और कोर्ट में अलर्ट, तलाशी अभियान तेज
धमकी के बाद स्कूलों में बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की मदद से व्यापक तलाशी ली जा रही है। वहीं, फिरोजपुर कोर्ट कॉम्प्लेक्स को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली, जिसके चलते दोपहर तक कामकाज रोक दिया गया और परिसर को खाली कराकर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल किसी भी स्थान से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, लेकिन एहतियात के तौर पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। सेक्टर-34 थाना पुलिस ने भी सभी जगहों की गहन जांच की पुष्टि की है।
ईमेल में खालिस्तान समर्थक संदेश
जालंधर के डीपीएस, मेयर वर्ल्ड और एमजीएन स्कूलों सहित कई शिक्षण संस्थानों को भेजे गए ईमेल में धमकी भरे शब्दों का इस्तेमाल किया गया। संदेश में लिखा गया—“अपने बच्चों को बचाओ, पंजाब अब खालिस्तान बनेगा,” और अलग-अलग समय पर स्कूलों व मेयर ऑफिस में धमाके की चेतावनी दी गई।
चंडीगढ़ के सेक्टर-41, 32, 47 और 45 के स्कूलों को भी इसी तरह की धमकी मिली, जिसमें 1:11 बजे स्कूलों, 2:11 बजे मेयर ऑफिस और 3:11 बजे सचिवालय में विस्फोट की बात कही गई। ईमेल भेजने वाले ने खुद को “खालिस्तान नेशनल आर्मी” से जुड़ा बताया है।
बड़े नेताओं को भी धमकी
धमकी भरे ईमेल में भगवंत मान, नायब सिंह सैनी और अरविंद केजरीवाल सहित कई बड़े नेताओं को निशाना बनाने की बात कही गई है। साथ ही अमृतसर में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को भी नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई है।
जांच जारी, साइबर सेल सक्रिय
पुलिस ने बताया कि ईमेल के स्रोत का पता लगाने के लिए साइबर सेल की मदद ली जा रही है। शुरुआती जांच में अब तक कोई विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है, लेकिन पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत