नई दिल्ली : भारत के ऑटोमोबाइल सेक्टर ने वित्त वर्ष का समापन बेहद मजबूत प्रदर्शन के साथ किया है। मार्च 2026 में यात्री वाहन, दोपहिया और तिपहिया—तीनों प्रमुख खंडों में दोहरे अंकों की जोरदार वृद्धि दर्ज की गई है। यह जानकारी मंगलवार को भारतीय वाहन निर्माता संघ (सियाम) द्वारा जारी आंकड़ों में सामने आई।
आंकड़ों के अनुसार, इस वृद्धि की सबसे बड़ी चालक दोपहिया वाहन श्रेणी रही, जिसने सभी खंडों में सबसे अधिक तेजी दर्ज की। बढ़ती मांग और नए मॉडलों की उपलब्धता ने पूरे उद्योग में सकारात्मक गति बनाए रखी।
यात्री वाहनों की बिक्री में 16 प्रतिशत की वृद्धि
मार्च 2026 में यात्री वाहन बिक्री 16 प्रतिशत वर्ष-दर-वर्ष बढ़कर 4,42,460 यूनिट्स पर पहुंच गई, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह आंकड़ा 3,81,358 यूनिट्स था। यह वृद्धि बाजार में निरंतर उपभोक्ता मांग और मजबूत उत्पाद पाइपलाइन को दर्शाती है।
दोपहिया वाहन बने विकास के प्रमुख चालक
दोपहिया वाहन खंड ने सबसे तेज वृद्धि दर्ज करते हुए 19.3 प्रतिशत की बढ़त हासिल की। मार्च 2026 में कुल बिक्री 19,76,128 यूनिट्स रही, जबकि मार्च 2025 में यह 16,56,939 यूनिट्स थी।
इस श्रेणी में स्कूटरों की वृद्धि दर मोटरसाइकिलों से अधिक रही। स्कूटर बिक्री 29.8 प्रतिशत बढ़कर 7,61,422 यूनिट्स तक पहुंच गई, जबकि पिछले वर्ष यह 5,86,485 यूनिट्स थी। वहीं, मोटरसाइकिल बिक्री 12.9 प्रतिशत बढ़कर 11,68,514 यूनिट्स रही, जो पिछले वर्ष 10,35,273 यूनिट्स थी।
तिपहिया वाहन खंड में भी मजबूत प्रदर्शन
तिपहिया वाहन श्रेणी में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई। इस खंड की बिक्री 21.4 प्रतिशत बढ़कर 76,273 यूनिट्स रही, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह 62,813 यूनिट्स थी।
वित्त वर्ष का सकारात्मक समापन
मार्च के मजबूत प्रदर्शन ने पूरे वित्त वर्ष को सकारात्मक नोट पर समाप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। विभिन्न खंडों में लगातार मांग और स्थिर वृद्धि ने उद्योग की मजबूती को दर्शाया है।
हालांकि, इन आंकड़ों में लग्जरी कार निर्माताओं जैसे बीएमडब्ल्यू, मर्सिडीज़-बेंज़, जैगुआर लैंड रोवर (जेएलआर) और वोल्वो की बिक्री शामिल नहीं है।
उपलब्ध आंकड़े संकेत देते हैं कि भारतीय ऑटो सेक्टर में मांग की रिकवरी और नए उत्पादों की उपलब्धता के चलते विकास की गति बनी हुई है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

