स्पोर्ट्स डेस्क : ऑस्ट्रेलिया के दिवंगत दिग्गज क्रिकेटर शेन वॉर्न की मौत को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। उनके बेटे जैक्सन वॉर्न ने हाल ही में एक इंटरव्यू में ऐसा दावा किया है जिसने नई बहस को जन्म दे दिया है। जैक्सन ने कहा है कि उनके अनुसार कोविड-19 वैक्सीन उनके पिता की मौत से जुड़ी हो सकती है।
शेन वॉर्न का निधन वर्ष 2022 में थाईलैंड के कोह सामुई द्वीप पर हुआ था, जहां वह अपने दोस्तों के साथ छुट्टियां मना रहे थे। उस समय उनकी उम्र 52 वर्ष थी। आधिकारिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उनकी मौत का कारण दिल का दौरा (हार्ट अटैक) बताया गया था और इसे प्राकृतिक मृत्यु माना गया था।
हालांकि, अब लगभग चार साल बाद उनके बेटे जैक्सन वॉर्न ने एक पॉडकास्ट में यह दावा किया है कि उन्हें लगता है कि कोविड वैक्सीनेशन का असर उनके पिता की सेहत पर पड़ा और यह उनकी मौत का एक कारण हो सकता है। जैक्सन ने कहा कि उनके पिता को कई वैक्सीन डोज लेने के लिए “मजबूर” किया गया था और इसी कारण उन्हें संदेह है कि यह उनके दिल की समस्या को बढ़ा सकता है।
उन्होंने यह भी कहा कि वे इस विषय पर लंबे समय से ऐसा ही महसूस कर रहे हैं, हालांकि उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि वास्तविक कारण को लेकर पूरी सच्चाई कभी सामने नहीं आ सकती।
इस मामले में सामने आए इन बयानों के बाद सोशल मीडिया और खेल जगत में फिर से बहस शुरू हो गई है। कुछ लोग इसे व्यक्तिगत राय बता रहे हैं, जबकि कई विशेषज्ञ और स्वास्थ्य संगठनों के अनुसार कोविड वैक्सीन को हृदय रोग या दिल के दौरे का कारण मानने के वैज्ञानिक प्रमाण अब तक स्थापित नहीं हुए हैं।
शेन वॉर्न, जिन्हें क्रिकेट इतिहास के महानतम लेग स्पिन गेंदबाजों में गिना जाता है, अपने खेल और उपलब्धियों के लिए पूरी दुनिया में प्रसिद्ध रहे हैं। उनकी अचानक मृत्यु ने क्रिकेट जगत को गहरा सदमा दिया था।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

