अबू धाबी : संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने शनिवार को भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल के साथ अबू धाबी में उच्चस्तरीय बैठक की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच क्षेत्रीय स्थिरता, सुरक्षा सहयोग और वैश्विक परिस्थितियों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में पश्चिम एशिया में मौजूदा भू-राजनीतिक हालात, बढ़ते तनाव और उसके क्षेत्रीय व वैश्विक प्रभावों पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही ऊर्जा सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय शांति व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर भी दोनों पक्षों ने अपने विचार साझा किए।
सूत्रों के अनुसार, भारत और यूएई के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने तथा आपसी सहयोग के नए क्षेत्रों की पहचान पर विशेष जोर दिया गया। दोनों नेताओं ने क्षेत्र में स्थिरता बनाए रखने के लिए निरंतर संवाद और समन्वय को आवश्यक बताया।
यह बैठक ऐसे समय में हुई है जब पश्चिम एशिया में सुरक्षा चुनौतियां बढ़ी हुई हैं और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर भी दबाव देखा जा रहा है। ऐसे में भारत की सक्रिय कूटनीति और यूएई के साथ बढ़ता रणनीतिक सहयोग क्षेत्रीय संतुलन के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
एनएसए अजीत डोभाल की यह यात्रा भारत की उस व्यापक विदेश नीति का हिस्सा है, जिसके तहत देश खाड़ी क्षेत्र में अपने सुरक्षा और आर्थिक हितों को और मजबूत करने की दिशा में लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहा है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
