स्पोर्ट्स डेस्क : भारतीय रग्बी को नई ऊंचाई देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए रग्बी इंडिया ने रग्बी प्रीमियर लीग (आरपीएल) के दूसरे सत्र में महिला फ्रेंचाइज़ी टीमों को शामिल करने की घोषणा की है। इससे देश में महिला रग्बी खिलाड़ियों को पेशेवर मंच मिलने का रास्ता साफ हो गया है।
लीग के दूसरे संस्करण में मौजूदा पुरुष टीमों में से चार फ्रेंचाइज़ियां महिला टीमें भी मैदान में उतारेंगी। इनमें चेन्नई बुल्स, दिल्ली रेड्ज़, मुंबई ड्रीमर्स और कोलकाता बंगा टाइगर्स शामिल हैं। कोलकाता बंगा टाइगर्स टीम पहले कलिंगा ब्लैक टाइगर्स के नाम से जानी जाती थी, जिसे अब कोलकाता स्थानांतरित किया गया है।
रग्बी इंडिया ने कहा कि महिला टीमों की शुरुआत खेल में समान अवसर, प्रतिभा विकास और प्रतिस्पर्धी माहौल तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे देशभर की महिला खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने का बेहतर अवसर मिलेगा।
एचएसबीसी रग्बी प्रीमियर लीग 2026 का आयोजन 16 जून से 28 जून तक हैदराबाद के गाचीबौली स्टेडियम में किया जाएगा। लीग का पहला सत्र पिछले वर्ष मुंबई में सफलतापूर्वक आयोजित हुआ था।
महिला फ्रेंचाइज़ियों के जुड़ने से इस बार टूर्नामेंट का आकर्षण और बढ़ने की उम्मीद है। साथ ही भारतीय रग्बी में महिला वर्ग को नई पहचान और मजबूती मिलने की संभावना जताई जा रही है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
