डेस्क : तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने राज्य में शराब बिक्री को लेकर बड़ा निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री ने मंदिरों, विद्यालयों और बस अड्डों के निकट संचालित शराब दुकानों को बंद करने के निर्देश दिए हैं। सरकार के अनुसार ऐसे सभी मदिरा विक्रय केंद्र अगले दो सप्ताह के भीतर बंद कर दिए जाएंगे।
राज्य सरकार ने बताया कि यह निर्णय सामाजिक वातावरण को बेहतर बनाने और सार्वजनिक स्थलों के आसपास नशे के प्रभाव को कम करने के उद्देश्य से लिया गया है। जानकारी के अनुसार इस आदेश के तहत राज्यभर में संचालित 717 टीएएसएमएसी शराब दुकानें प्रभावित होंगी।
मुख्यमंत्री विजय ने कहा कि धार्मिक स्थलों, शैक्षणिक संस्थानों और सार्वजनिक परिवहन केंद्रों के आसपास शराब की बिक्री समाज पर नकारात्मक प्रभाव डालती है। ऐसे में सरकार ने संवेदनशील क्षेत्रों से शराब दुकानों को हटाने का फैसला किया है।
मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद विजय लगातार कई बड़े फैसले ले रहे हैं। इससे पहले उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष कार्यबल गठन, नशा विरोधी अभियान और 200 यूनिट मुफ्त बिजली जैसी योजनाओं की भी घोषणा की थी।
सरकार के इस फैसले को लेकर राज्य में राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर चर्चा तेज हो गई है। कई सामाजिक संगठनों ने इसे सकारात्मक कदम बताया है, जबकि विपक्ष सरकार के निर्णय के क्रियान्वयन पर नजर बनाए हुए है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

