कोलकाता : पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ राठ हत्याकांड की जांच अब केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो को सौंप दी गई है। राज्य सरकार की अनुशंसा के बाद केंद्र सरकार ने इस मामले में केंद्रीय जांच एजेंसी से जांच कराने को मंजूरी दे दी है।
चंद्रनाथ राठ की कुछ दिन पूर्व उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम क्षेत्र में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने उनकी गाड़ी को बीच रास्ते में रोककर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। गंभीर रूप से घायल राठ को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद पश्चिम बंगाल पुलिस ने विशेष जांच दल का गठन कर मामले की जांच शुरू की थी। जांच के दौरान पुलिस ने उत्तर प्रदेश और बिहार से तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी पेशेवर शूटर हैं तथा हत्या की साजिश पहले से रची गई थी।
जांच में टोल प्लाजा पर किए गए एक डिजिटल भुगतान से महत्वपूर्ण सुराग मिला, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंच सकी। मामले की गंभीरता और राजनीतिक संवेदनशीलता को देखते हुए अब इसकी जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो को सौंप दिया गया है।
भारतीय जनता पार्टी ने इस घटना को लेकर पश्चिम बंगाल की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं, जबकि तृणमूल कांग्रेस ने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया है। अब केंद्रीय जांच एजेंसी पूरे घटनाक्रम, हत्या की साजिश और संभावित राजनीतिक संबंधों की गहन जांच करेगी।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

