गुवाहाटी : असम में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) सरकार के तीसरे कार्यकाल की औपचारिक शुरुआत मंगलवार को हो गई। भाजपा नेता हिमंत बिस्वा सरमा ने लगातार दूसरी बार राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। गुवाहाटी के खानापारा स्थित वेटरिनरी कॉलेज मैदान में आयोजित भव्य समारोह में राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत भाजपा और एनडीए के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री भी समारोह में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के साथ चार अन्य नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली। इनमें भाजपा के रमेश्वर तेली और अंजता नियोग, असम गण परिषद के अतुल बोरा तथा बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट के चरण बोरो शामिल हैं।
हाल ही में संपन्न हुए असम विधानसभा चुनाव में एनडीए ने प्रचंड बहुमत हासिल किया था। 126 सदस्यीय विधानसभा में गठबंधन को 102 सीटें मिलीं, जिनमें भाजपा ने अकेले 82 सीटों पर जीत दर्ज की।
शपथ ग्रहण के बाद मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि उनकी सरकार का मुख्य लक्ष्य विकास कार्यों को गति देना और चुनावी वादों को समयबद्ध तरीके से पूरा करना होगा। उन्होंने कहा कि नई सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेगी।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

