डेस्क : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को स्वीडन के सर्वोच्च राजकीय सम्मानों में शामिल ‘ध्रुव तारा राजकीय अलंकरण’ से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान विदेशी राष्ट्राध्यक्षों और शासनाध्यक्षों को प्रदान किया जाता है।
स्वीडन की युवराज्ञी विक्टोरिया ने गोथेनबर्ग में आयोजित विशेष समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को यह अलंकरण प्रदान किया। समारोह में स्वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टर्सन तथा कई वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
भारतीय विदेश मंत्रालय के अनुसार, भारत और स्वीडन के बीच रणनीतिक साझेदारी को मजबूत बनाने, हरित प्रौद्योगिकी, व्यापार, नवाचार, रक्षा, अंतरिक्ष तथा जलवायु परिवर्तन जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भूमिका को देखते हुए उन्हें यह सम्मान दिया गया।
यह राजकीय अलंकरण वर्ष १७४८ में स्थापित किया गया था। स्वीडन सरकार यह सम्मान उन व्यक्तियों को प्रदान करती है जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय संबंधों और स्वीडन के हितों के लिए विशेष योगदान दिया हो।
सम्मान प्राप्त करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे भारत की १४० करोड़ जनता और भारत-स्वीडन मित्रता को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान दोनों देशों के बीच गहरे होते संबंधों और साझा लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक है।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अब तक विभिन्न देशों द्वारा ३१ अंतरराष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हो चुके हैं। इसे वैश्विक स्तर पर भारत की बढ़ती कूटनीतिक प्रतिष्ठा के रूप में देखा जा रहा है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
