टोरंटो/नायग्रा : कनाडा के नायग्रा क्षेत्र के सेंट कैथरीन में भारतीय अंतरराष्ट्रीय छात्रा विद्धि मेघा की हत्या की घटना ने सनसनी फैला दी है। भारतीय दूतावास ने इस दर्दनाक घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की बात कही है।
भारतीय दूतावास, टोरंटो ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी बयान में कहा कि वह इस दुखद घटना से अत्यंत व्यथित है। दूतावास ने बताया कि वह मृतका के परिवार से लगातार संपर्क में है और पार्थिव शरीर को भारत लाने सहित सभी आवश्यक प्रक्रियाओं में सहायता प्रदान कर रहा है।
दूतावास के अनुसार, “हम इस दुखद क्षति पर परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। हम भारत और कनाडा दोनों में परिजनों के संपर्क में हैं तथा अंतिम संस्कार गृह से भी समन्वय कर रहे हैं, ताकि पार्थिव शरीर को शीघ्र भारत भेजा जा सके।”
मूल रूप से गुजरात के बोरसद निवासी 22 वर्षीय विद्धि मेघा की 15 मई को सेंट कैथरीन क्षेत्र में कथित रूप से चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई थी। इसे एक संदिग्ध हत्या का मामला माना जा रहा है।
मृतका के पिता कलपेशभाई मेघा ने बताया कि उन्हें बुधवार को पुलिस के माध्यम से बेटी की मृत्यु की जानकारी मिली। उन्होंने कहा कि परिवार कनाडा में मौजूद रिश्तेदारों के संपर्क में है और पार्थिव शरीर को भारत लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
उन्होंने भावुक अपील करते हुए कहा कि उनकी इच्छा है कि बेटी का अंतिम संस्कार भारत में ही किया जाए और जल्द से जल्द उसका पार्थिव शरीर परिवार को सौंपा जाए।
इस बीच गुजरात सरकार के मंत्री और बोरसद से भाजपा विधायक रमनभाई सोलंकी ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) और प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) से संपर्क कर यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया है कि पार्थिव शरीर को बिना किसी देरी के भारत लाया जाए।
फिलहाल कनाडा पुलिस मामले की जांच कर रही है, जबकि भारतीय पक्ष लगातार स्थानीय प्रशासन के संपर्क में है ताकि आगे की कानूनी और प्रशासनिक प्रक्रिया तेजी से पूरी की जा सके।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
