नई दिल्ली : देशभर में शनिवार को रसोई गैस (एलपीजी) सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया। तेल विपणन कंपनियों ने घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडरों के दाम यथावत रखे हैं। ऐसे में उपभोक्ताओं को फिलहाल राहत मिली है, हालांकि बीते महीनों में हुई बढ़ोतरी के कारण गैस की कीमतें अब भी ऊंचे स्तर पर बनी हुई हैं।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत 913 रुपये पर स्थिर बनी हुई है। वहीं मुंबई में यह 912.50 रुपये, चेन्नई में 928.50 रुपये और कोलकाता में 939 रुपये प्रति सिलेंडर के स्तर पर कायम है।
राजस्थान की राजधानी जयपुर में घरेलू एलपीजी सिलेंडर 916.50 रुपये में मिल रहा है। वहीं 19 किलोग्राम वाले व्यावसायिक सिलेंडर की कीमत 3,099 रुपये बनी हुई है।
तेल कंपनियों के अनुसार एलपीजी की कीमतों की समीक्षा हर महीने की जाती है। घरेलू गैस सिलेंडर के दाम फिलहाल स्थिर रखे गए हैं, जबकि व्यावसायिक सिलेंडरों में पिछले महीने बड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई थी। मई की शुरुआत में 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर के दाम में करीब 993 रुपये तक की वृद्धि की गई थी।
विशेषज्ञों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और एलपीजी की कीमतों में उतार-चढ़ाव, डॉलर के मुकाबले रुपये की स्थिति तथा वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला की परिस्थितियां घरेलू गैस कीमतों को प्रभावित करती हैं। हाल के दिनों में पश्चिम एशिया में बढ़े तनाव के बीच केंद्र सरकार ने तेल कंपनियों को 30 दिनों का रणनीतिक एलपीजी भंडार तैयार करने के निर्देश भी दिए हैं, ताकि किसी संभावित आपूर्ति संकट से निपटा जा सके।
उपभोक्ता अपने शहर में एलपीजी सिलेंडर की ताजा कीमतें तेल कंपनियों की आधिकारिक वेबसाइट, मोबाइल ऐप अथवा गैस एजेंसी के माध्यम से भी पता कर सकते हैं। फिलहाल घरेलू गैस उपभोक्ताओं को कीमतों में स्थिरता से राहत मिली है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय बाजार की स्थिति पर आगे की दरें निर्भर रहेंगी।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत