डेस्क : झारखंड के धनबाद जिले के टुंडी थाना क्षेत्र स्थित मोहनाद गांव में प्रतिबंधित मांस मिलने की सूचना के बाद शुक्रवार शाम तनाव फैल गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और स्थिति इतनी बिगड़ गई कि पुलिस को भीड़ को नियंत्रित करने के लिए हवाई फायरिंग और लाठीचार्ज करना पड़ा। घटना के बाद पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है तथा निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, गांव के एक तालाब के पास कथित रूप से प्रतिबंधित मांस पड़ा मिला। इसकी सूचना फैलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। लोगों का आरोप था कि मांस गांव के ही कुछ लोगों से जुड़ा हुआ है। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण संबंधित परिवार के घर के बाहर जमा हो गए और कार्रवाई की मांग करने लगे।
इसी दौरान एक मालवाहक वाहन को ग्रामीणों ने रोक लिया। आरोप है कि वाहन में एक मवेशी लदा हुआ था। इसे लेकर ग्रामीण और अधिक उग्र हो गए। हालात बिगड़ते देख पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को शांत कराने का प्रयास किया। हालांकि, प्रदर्शनकारी पीछे हटने को तैयार नहीं हुए।
पुलिस के अनुसार, भीड़ से घिरे तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के दौरान पथराव और विरोध की स्थिति बन गई। इसके बाद पुलिस को तीन राउंड हवाई फायरिंग करनी पड़ी और हल्का लाठीचार्ज भी किया गया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस तीनों लोगों को हिरासत में लेकर थाने पहुंची।
मामले में अशरफ अंसारी, उसके पिता सरफुद्दीन अंसारी तथा वाहन चालक मनव्वर अंसारी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और सभी तथ्यों को सामने आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
टुंडी थाना प्रभारी ने बताया कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए गांव और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।
घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है, हालांकि प्रशासन का दावा है कि स्थिति अब नियंत्रण में है और शांति बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत