स्पोर्ट्स डेस्क : भारतीय महिला कुश्ती की दिग्गज पहलवान और ओलंपियन विनेश फोगाट का एशियाई खेलों में जगह बनाने का सपना बड़ा झटका खा गया। शनिवार को आयोजित चयन ट्रायल्स में महिलाओं के 53 किलोग्राम भार वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबले में उभरती हुई पहलवान मीनाक्षी गोयत ने विनेश को 6-4 से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। इस हार के साथ ही विनेश की एशियाई खेलों में भारतीय टीम का हिस्सा बनने की उम्मीद समाप्त हो गई।
इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में दोनों पहलवानों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। अनुभवी विनेश ने संघर्षपूर्ण प्रदर्शन किया, लेकिन निर्णायक क्षणों में मीनाक्षी ने बढ़त बनाए रखी और मुकाबला अपने नाम कर लिया।
इससे पहले विनेश फोगाट ने ट्रायल्स में शानदार शुरुआत की थी। उन्होंने शुरुआती दौर में हरियाणा की ज्योति को 7-1 से हराया। इसके बाद दूसरे मुकाबले में उन्होंने निशु के खिलाफ जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में जगह बनाई। निशु के साथ मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जिसमें स्कोर 6-6 से बराबर रहने के बावजूद तकनीकी मानदंडों के आधार पर विनेश को विजेता घोषित किया गया था।
हालांकि सेमीफाइनल में मीनाक्षी गोयत ने विनेश के अनुभव को चुनौती देते हुए शानदार खेल दिखाया। मीनाक्षी हाल के वर्षों में भारतीय महिला कुश्ती में तेजी से उभरी हैं और उन्होंने एक बार फिर बड़े मंच पर अपनी क्षमता साबित की।
ट्रायल्स के दौरान विनेश फोगाट लगातार चर्चा में रहीं। हाल ही में दिल्ली हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट से राहत मिलने के बाद उन्हें चयन ट्रायल्स में भाग लेने की अनुमति मिली थी। इसके अलावा उनके भार वर्ग को लेकर भी विवाद सामने आया था। प्रारंभिक स्तर पर उन्हें 50 किलोग्राम वर्ग में रखने की बात कही गई थी, लेकिन बाद में कुश्ती महासंघ ने उन्हें उनके पसंदीदा 53 किलोग्राम वर्ग में प्रतिस्पर्धा करने की अनुमति दे दी।
काफी उतार-चढ़ाव और कानूनी लड़ाई के बाद मैट पर लौटी विनेश फोगाट से बड़ी उम्मीदें थीं, लेकिन मीनाक्षी गोयत के खिलाफ मिली हार ने उनके अभियान का अंत कर दिया। दूसरी ओर मीनाक्षी ने इस जीत के साथ न केवल फाइनल में जगह बनाई, बल्कि भारतीय महिला कुश्ती में अपनी दावेदारी भी और मजबूत कर दी।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत