डेस्क : बिहार की राजधानी पटना में कोचिंग संस्थानों से जुड़े विवाद और फायरिंग मामले ने अब गंभीर रूप ले लिया है। इस पूरे प्रकरण में प्रसिद्ध शिक्षक फैज़ल खान, जिन्हें आमतौर पर ‘खान सर’ के नाम से जाना जाता है, सहित कई लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना पटना के एक कोचिंग संस्थान के बाहर हुई, जहां देर रात कुछ लोगों के बीच विवाद बढ़ गया और मामला मारपीट तथा कथित फायरिंग तक पहुंच गया। इस दौरान एक सुरक्षा गार्ड के घायल होने की भी सूचना है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई और बड़ी संख्या में छात्र मौके पर इकट्ठा हो गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल की तैनाती करनी पड़ी।
पुलिस जांच में सामने आए तथ्यों और वीडियो फुटेज के आधार पर यह दावा किया जा रहा है कि कोचिंग परिसर के भीतर से भी फायरिंग की घटना हुई थी। इसके बाद पुलिस ने दो सुरक्षा गार्डों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और हथियारों को जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है।
इसी आधार पर कोचिंग संचालक फैज़ल खान समेत अन्य लोगों पर आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रारंभिक जांच में इस घटना को कोचिंग संस्थानों के बीच प्रतिस्पर्धा और पुरानी रंजिश से भी जोड़कर देखा जा रहा है। इस मामले में अन्य कोचिंग संस्थान से जुड़े कुछ लोगों की भूमिका की भी जांच चल रही है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
