जयपुर :कमला नेहरू नगर स्थित चौरड़िया सिटी के चौरड़िया विला में आयोजित दो दिवसीय प्रवास के दूसरे दिन बुधवार को धर्मसभा को संबोधित करते हुए मुनि श्री तत्त्व रुचि जी “तरुण” ने कहा कि सफलता का पहला और सबसे महत्वपूर्ण गुण विनम्रता है। उन्होंने कहा कि भौतिक और आध्यात्मिक दोनों प्रकार की उपलब्धियों का आधार विनम्रता है। व्यक्ति चाहे जीवन में कितनी भी ऊँचाइयाँ प्राप्त कर ले, यदि उसके व्यक्तित्व में विनम्रता का अभाव है तो उसका विकास न तो फलदायी बन पाता है और न ही शोभायमान।
“विनय धर्म का मूल है” विषय पर अपने विचार रखते हुए मुनि श्री ने कहा कि सफलता प्राप्त होने के बाद भी मनुष्य को विनम्रता का त्याग नहीं करना चाहिए। उन्होंने आचार्य श्री महाप्रज्ञ जी के जीवन का प्रेरक प्रसंग सुनाते हुए बताया कि सच्चे महान व्यक्तित्व की पहचान उसकी विनम्रता से होती है। उन्होंने कहा कि योग्यता के मूल्यांकन में केवल विद्या ही नहीं, बल्कि विनम्रता का भी विशेष महत्व होता है। समाज और संस्थाओं में बड़ी जिम्मेदारियाँ सौंपते समय विद्वता के साथ व्यक्ति का विनम्र स्वभाव भी देखा जाता है।
इस अवसर पर मुनि श्री संभव कुमार जी ने कहा कि जिस प्रकार किसी वृक्ष के विस्तार और मजबूती का आधार उसकी जड़ होती है, उसी प्रकार धर्मरूपी वृक्ष की जड़ विनम्रता है। उन्होंने भगवान महावीर स्वामी के प्रथम गणधर इंद्रभूति गौतम का उदाहरण देते हुए कहा कि उनकी विनम्रता ही उन्हें प्रथम स्थान तक ले गई। आगम शास्त्रों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि शिष्य चाहे अनंत ज्ञान प्राप्त कर ले, उसे अपने उपकारी के प्रति सदैव कृतज्ञ रहना चाहिए। कृतज्ञता, विनम्रता का प्रमुख लक्षण है। उन्होंने कहा कि समाज में स्थायी लोकप्रियता अहंकार से नहीं, बल्कि विनम्रता और सद्भाव से प्राप्त होती है।
धार्मिक आयोजन के अंतर्गत मंगलवार रात्रि संतों के सानिध्य में भक्ति संध्या का आयोजन भी किया गया। इस अवसर पर संतजनों एवं श्रावक-श्राविकाओं ने भक्ति गीतों की मधुर प्रस्तुतियाँ देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कार्यक्रम में भाग लेकर धर्मलाभ प्राप्त किया।
इस दौरान चौरड़िया ग्रुप के प्रमुख श्री विनय चौरड़िया ने चौरड़िया विला में विराजित संतों के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने अपने निवास स्थान पर संतों के पदार्पण और प्रवास को सौभाग्य बताते हुए उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
