जयपुर : निर्माण नगर क्षेत्र आज उस समय आध्यात्मिक ऊर्जा से भर उठा जब आचार्य श्री महाश्रमण जी के सुशिष्य मुनि श्री तत्त्व रुचि जी “तरुण” एवं मुनि श्री संभव कुमार जी का शुभागमन महाप्रज्ञ इंटरनेशनल स्कूल, जनपथ में हुआ। संतों के आगमन से पूरा परिसर धर्ममय वातावरण में परिवर्तित हो गया और श्रद्धा का सागर उमड़ पड़ा।
संत द्वय ने कमला नेहरू नगर स्थित चौरड़िया विला से विहार करते हुए महाप्रज्ञ इंटरनेशनल स्कूल में मंगल प्रवेश किया। उनके आगमन पर विद्यालय परिवार एवं स्थानीय श्रद्धालुओं ने भावभीना स्वागत किया। इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या डॉ. रश्मि जी परियानी, सुमित्रा जी शर्मा, अर्जुन सिंह जी खंगारोत, छित्तरमल जी सहित अनेक गणमान्यजनों ने संतों के चरणों में श्रद्धा अर्पित करते हुए उनका अभिनंदन किया तथा आभार व्यक्त किया।
संतों का यह प्रवास केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि जन-जन में धर्म-जागरण और नैतिक मूल्यों के प्रसार का एक सशक्त माध्यम बन रहा है। वर्तमान में मुनि द्वय जयपुर के विभिन्न उपनगरों में विचरण कर रहे हैं और श्रद्धालुओं को धर्मोपासना, आत्मसंयम एवं कर्तव्यनिष्ठा का संदेश प्रदान कर रहे हैं। बीते दिनों उन्होंने टैगोर नगर, डॉक्टर्स कॉलोनी, तिवाड़ी कॉलोनी, केडिया नगर, वर्धमान नगर, सुंदर नगर तथा कमला नेहरू नगर सहित अनेक क्षेत्रों में प्रवास कर श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक प्रेरणा दी।
इस अवसर पर चौरड़िया ग्रुप के संस्थापक विनय जी चौरड़िया ने भी अपने विला में संतों के दर्शन किए और पुनः पधारने का विनम्र निवेदन किया। साथ ही उन्होंने आचार्य श्री महाश्रमण जी के आगामी पावस एवं प्रवास हेतु चौरड़िया सिटी में समुचित व्यवस्थाएँ उपलब्ध कराने की भावना भी व्यक्त की। उनकी इस धार्मिक और सामाजिक उदारता की स्थानीय समाज द्वारा सराहना की गई तथा आभार प्रकट किया गया।
संतों के आगमन से निर्माण नगर एवं आसपास का वातावरण भक्ति, शांति और आत्मिक चेतना से आलोकित हो उठा।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
