डेस्क : राजस्थान के भिवाड़ी क्षेत्र से एक कथित पाकिस्तानी हैंडलर की गिरफ्तारी का मामला सामने आया है। मध्य प्रदेश एटीएस और केंद्रीय एजेंसियों की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को नाखनौल गांव से पकड़ा गया, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान 32 वर्षीय शाकिर पुत्र यूनुस खान के रूप में हुई है। उस पर आरोप है कि वह पाकिस्तान से जुड़े नेटवर्क के लिए काम कर रहा था और लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियों में शामिल था।
एजेंसियों के अनुसार, आरोपी नूंह (हरियाणा) की एक मस्जिद में मौलवी बनकर छिपा हुआ था और वहीं रहकर अपनी पहचान छिपाने की कोशिश कर रहा था। जांच में यह भी सामने आया है कि उसका नाम पहले से चल रही एक आतंकी नेटवर्क जांच के दौरान सामने आया था।
सूत्रों के मुताबिक, हाल ही में भोपाल में एक अन्य संदिग्ध की गिरफ्तारी के बाद इस पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ, जिसके बाद भिवाड़ी और आसपास के क्षेत्रों में छानबीन तेज की गई। इसके बाद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए भोपाल ले जाया गया है।
एजेंसियां अब आरोपी के संपर्कों, डिजिटल गतिविधियों और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही हैं। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि वह कब से भारत में सक्रिय था और किस प्रकार स्थानीय स्तर पर अपनी पहचान छिपाकर रह रहा था।
क्षेत्र में पहले भी सुरक्षा एजेंसियों द्वारा संदिग्ध नेटवर्क और गतिविधियों को लेकर कार्रवाई की जाती रही है, जिससे यह इलाका लगातार जांच एजेंसियों के रडार पर रहा है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत