डेस्क : उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जनपद के खुर्जा क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है। पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में एक भतीजे ने अपने ही चाचा की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी ने स्वयं पुलिस को फोन कर हत्या की सूचना दी और मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र के क्वार्सी गांव निवासी बृजमोहन उर्फ गुड्डू और उनके भतीजे कृष्णकांत उर्फ मलुआ शर्मा के बीच लंबे समय से आर्थिक लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि करीब 55 लाख रुपये के लेनदेन को लेकर दोनों पक्षों में तनाव था।
जानकारी के अनुसार, आरोपी कृष्णकांत ने कथित रूप से चाचा की कृषि भूमि पर ट्रैक्टर से जुताई शुरू कर दी थी। इसकी सूचना मिलने पर बृजमोहन खेत पर पहुंचे और इसका विरोध किया। इसी दौरान दोनों के बीच तीखी बहस हो गई। विवाद बढ़ने पर कृष्णकांत ने तमंचे से चाचा पर गोली चला दी। गोली लगने से बृजमोहन की मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात के बाद आरोपी ने पुलिस आपातकालीन सेवा 112 पर फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया गया है तथा घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत