नई दिल्ली : पेट्रोल में 20 प्रतिशत इथेनॉल मिश्रण (E20 फ्यूल) को लेकर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हाथ जोड़कर अपील करते हुए कहा कि सरकार इस फैसले पर पुनर्विचार करे और जनता को अपनी पसंद का ईंधन चुनने का विकल्प दिया जाए।
केजरीवाल ने कहा कि सरकार को E20 पेट्रोल को अनिवार्य करने की बजाय पेट्रोल पंपों पर E0, E10 और E20 जैसे विकल्प उपलब्ध कराने चाहिए, ताकि वाहन मालिक अपनी जरूरत और वाहन की क्षमता के अनुसार ईंधन का चयन कर सकें। उन्होंने कहा कि जनता पर किसी एक विकल्प को थोपना उचित नहीं है।
उन्होंने आरोप लगाया कि E20 फ्यूल को लेकर सरकार और वाहन कंपनियों की ओर से दी जा रही जानकारी को लेकर भ्रम की स्थिति बनी हुई है। केजरीवाल ने कहा कि यदि E20 के इस्तेमाल से वाहनों की माइलेज कम होती है या किसी तरह की समस्या आती है तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा, इस पर सरकार को स्पष्ट जवाब देना चाहिए।
केजरीवाल ने यह भी कहा कि वह इस मुद्दे को लेकर ऑटोमोबाइल कंपनियों को पत्र लिखेंगे और उनसे लिखित जवाब मांगेंगे कि अगर E20 ईंधन से वाहनों को नुकसान होता है तो उसकी भरपाई कौन करेगा।
केंद्र सरकार की ओर से E20 पेट्रोल को लेकर यह नीति पेट्रोल में इथेनॉल मिश्रण बढ़ाने के उद्देश्य से लागू की गई है। वहीं, विपक्ष इस मुद्दे पर उपभोक्ताओं को विकल्प देने की मांग कर रहा है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत