तेहरान : अमेरिका द्वारा ईरान पर “शक्तिशाली” सैन्य कार्रवाई किए जाने के दावे के कुछ ही समय बाद मंगलवार को होरमुज जलडमरूमध्य क्षेत्र में कई धमाकों की आवाजें सुनाई देने से पश्चिम एशिया में तनाव और बढ़ गया।
ईरान के सरकारी प्रसारक आईआरआईबी (IRIB) के अनुसार, क़ेश्म द्वीप पर छह धमाके सुनाई दिए, जबकि तटीय शहर सीरिक में सात विस्फोटों की सूचना मिली। इसके अलावा रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बंदरगाह शहर बंदर अब्बास में भी कई धमाकों की आवाजें सुनाई दीं। हालांकि, इन घटनाओं में हुए नुकसान या किसी हताहत की तत्काल पुष्टि नहीं की गई है।
घटनाक्रम के बाद ईरान के विदेश मंत्रालय ने अमेरिका को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि वह मध्य पूर्व में संघर्ष कम करने के उद्देश्य से हुए समझौते का बार-बार उल्लंघन कर रहा है। मंत्रालय ने लेबनान में जारी सैन्य गतिविधियों और क्षेत्र में अन्य आक्रामक कदमों का भी उल्लेख किया।
विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा कि अमेरिका द्वारा समझौते के उल्लंघन के गंभीर परिणाम होंगे और ईरान अपने राष्ट्रीय हितों तथा सुरक्षा की रक्षा के लिए निर्णायक कदम उठाएगा।
उधर, अमेरिका ने भी ईरान पर दबाव बढ़ाते हुए ईरानी तेल से संबंधित अस्थायी प्रतिबंध छूट (सैंक्शंस वेवर) वापस ले ली। यह फैसला ऐसे समय लिया गया है जब होरमुज जलडमरूमध्य में तीन तेल टैंकरों पर हमले की घटनाएं सामने आई हैं।
ब्रिटेन की समुद्री सुरक्षा एजेंसी यूकेएमटीओ (UKMTO) के अनुसार, एक अज्ञात प्रोजेक्टाइल की चपेट में आने से एक टैंकर में आग लग गई। इसके बाद दो अन्य जहाजों पर भी हमले हुए, जिनमें से कम से कम एक पर ड्रोन से हमला किए जाने की आशंका जताई गई है।
तीनों जहाज ओमान के निकट समुद्री क्षेत्र में निशाना बने। हाल ही में ओमान ने अपने तटीय क्षेत्र से होकर गुजरने वाले एक अस्थायी सुरक्षित समुद्री मार्ग का प्रस्ताव रखा था, जिसका ईरान ने विरोध किया था। ईरान का कहना है कि होरमुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों पर शुल्क लगाने का अधिकार उसके पास होना चाहिए।
लगातार बढ़ती इन घटनाओं ने पूरे पश्चिम एशिया में व्यापक सैन्य टकराव की आशंका को और गहरा कर दिया है। वहीं, वैश्विक ऊर्जा बाजार और अंतरराष्ट्रीय शिपिंग उद्योग भी क्षेत्र की स्थिति पर करीबी नजर बनाए हुए हैं।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत