स्पोर्ट्स डेस्क: भारतीय क्रिकेट टीम के व्यस्त कार्यक्रम को देखते हुए बीसीसीआई ने आगामी जिम्बाब्वे दौरे और जापान में होने वाले एशियाई खेलों के लिए अलग-अलग सहयोगी स्टाफ की व्यवस्था की है। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज और बीसीसीआई के उत्कृष्टता केंद्र (सीओई) के प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण टीम इंडिया के अंतरिम मुख्य कोच की भूमिका निभाएंगे। उनके साथ बल्लेबाजी कोच रिषिकेश कानिटकर और गेंदबाजी कोच सुनील जोशी भी सहयोगी स्टाफ का हिस्सा होंगे।
यह फैसला इंग्लैंड दौरे के बाद मुख्य कोच गौतम गंभीर और उनके नियमित सहयोगी स्टाफ को आराम देने के उद्देश्य से लिया गया है। भारत का इंग्लैंड दौरा 19 जुलाई को समाप्त होगा, जिसके तुरंत बाद टीम को जिम्बाब्वे के लिए रवाना होना है। ऐसे में बीसीसीआई ने खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ के वर्कलोड को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था की है।
भारत को जिम्बाब्वे में 23, 25 और 27 जुलाई को हरारे में तीन मैचों की टी20 सीरीज खेलनी है। इस दौरे के लिए भारतीय टीम की घोषणा पहले ही की जा चुकी है, जिसकी कप्तानी श्रेयस अय्यर करेंगे।
एशियाई खेलों में भी लक्ष्मण होंगे टीम के साथ
जापान में होने वाले एशियाई खेल 2026 के दौरान भी वीवीएस लक्ष्मण और उनका सहयोगी स्टाफ भारतीय क्रिकेट टीम के साथ रहेगा। एशियाई खेलों का आयोजन 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक होगा। इसी समय भारत को घरेलू मैदान पर वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज खेलनी है, जिसमें गौतम गंभीर सीनियर टीम के साथ मौजूद रहेंगे।
यह पहली बार नहीं है जब लक्ष्मण को भारतीय टीम की जिम्मेदारी दी गई है। इससे पहले 2024 में भी वह जिम्बाब्वे दौरे पर भारतीय टीम के कोचिंग स्टाफ का नेतृत्व कर चुके हैं। इसके अलावा हांगझोउ एशियाई खेलों में भी वह भारतीय टीम के मुख्य कोच थे, जब उस समय मुख्य कोच राहुल द्रविड़ वनडे विश्व कप की तैयारियों में सीनियर टीम के साथ जुड़े हुए थे।
एशियाई खेलों के लिए भारतीय टीम का स्क्वॉड
श्रेयस अय्यर, तिलक वर्मा, रवि बिश्नोई, अभिषेक शर्मा, नितीश कुमार रेड्डी, जसप्रीत बुमराह, संजू सैमसन, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, ईशान किशन, वाशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे, वरुण चक्रवर्ती और वैभव सूर्यवंशी।
जिम्बाब्वे टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम
श्रेयस अय्यर (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा (उपकप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), सूर्यांश शेडगे, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, हर्ष दुबे, वरुण चक्रवर्ती, प्रिंस यादव, यश ठाकुर, अशोक शर्मा, मयंक यादव और प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर)।
बीसीसीआई का यह फैसला भारतीय क्रिकेट के लंबे और लगातार चल रहे शेड्यूल को देखते हुए लिया गया है, ताकि खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ को पर्याप्त आराम मिल सके और टीम की तैयारियां प्रभावित न हों।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत