पुणे : महाराष्ट्र के पुणे जिले में बुधवार को बड़ा हादसा हो गया। पिंपरी-चिंचवड़ इलाके में कचरे का विशाल ढेर खिसककर एक तीन मंजिला इमारत पर गिर गया, जिससे इमारत पूरी तरह से ढह गई। हादसे के बाद कई लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना मोशी इलाके में कचरा प्रबंधन केंद्र के पास हुई। बताया जा रहा है कि लगातार बारिश के कारण कचरे का बड़ा पहाड़ कमजोर हो गया और अचानक खिसककर पास स्थित इमारत पर जा गिरा। कचरे के भारी दबाव के कारण तीन मंजिला इमारत धराशायी हो गई।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, इमारत में कचरा प्रबंधन से जुड़ी एक निजी कंपनी के कर्मचारी मौजूद थे। हादसे के समय वहां कई लोग काम कर रहे थे, जिनके मलबे में दबे होने की आशंका है।
घटना की सूचना मिलते ही राहत और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। दमकल विभाग, पुलिस, नगर निगम की टीमें और आपदा प्रबंधन दल मलबा हटाने और फंसे लोगों को बाहर निकालने के अभियान में जुटे हैं।
भारी बारिश के कारण राहत कार्यों में मुश्किलें आ रही हैं। बचाव दल आधुनिक उपकरणों की मदद से मलबे को हटाकर अंदर फंसे लोगों की तलाश कर रहे हैं। प्रशासन ने पूरे इलाके को घेर लिया है और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
अधिकारियों ने बताया कि हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
