डेस्क : पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) प्रमुख ममता बनर्जी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोला है। ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि भाजपा उनकी पार्टी के नेताओं को लगातार निशाना बना रही है और उन्हें डराने-धमकाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि वह ऐसी कोशिशों के आगे झुकने वाली नहीं हैं।
टीएमसी सांसद डेरेक ओ’ब्रायन ने शुक्रवार को ममता बनर्जी का एक वीडियो संदेश सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किया। इस वीडियो में ममता बनर्जी ने भाजपा को सीधी चुनौती देते हुए कहा कि अगर उन्हें चुप कराना है तो उन्हें मारना होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने उनकी पार्टी को कमजोर करने और नेताओं को परेशान करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है।
‘मुझे चुप कराना है तो मारना होगा’
वीडियो संदेश में ममता बनर्जी ने कहा, “अगर मुझे चुप करना है, तो तुम्हें मुझे मारना होगा। तुमने इसके लिए अपनी तरफ से कोई कसर नहीं छोड़ी है।” उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी के कई वरिष्ठ नेताओं को राजनीतिक दबाव और जांच एजेंसियों के जरिए परेशान किया गया।
ममता ने पार्टी नेताओं का नाम लेते हुए कहा कि भाजपा ने महुआ मोइत्रा, अभिषेक बनर्जी और कल्याण बनर्जी सहित कई नेताओं को निशाना बनाया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके आवास पर भी हमला करने की कोशिश की गई।
हिरासत में नेताओं के साथ दुर्व्यवहार का लगाया आरोप
टीएमसी प्रमुख ने अपनी पार्टी के उन नेताओं और कार्यकर्ताओं को लेकर भी चिंता जताई, जो विभिन्न मामलों में हिरासत में हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि लॉकअप में उनके साथ अमानवीय व्यवहार किया जा रहा है।
ममता बनर्जी ने दावा किया कि कुछ नेताओं को फर्श पर सोने के लिए मजबूर किया जा रहा है और उनके साथ गलत व्यवहार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं लोकतंत्र के लिए चिंता का विषय हैं।
बागी नेताओं पर भी साधा निशाना
ममता बनर्जी ने पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए नेताओं पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि राजनीति में विश्वास सबसे बड़ी चीज होती है और जो नेता जनता तथा पार्टी के भरोसे को तोड़ते हैं, उन्हें जवाब देना होगा।
उन्होंने बागी नेताओं से साफ कहा कि अगर वे भाजपा के साथ जाना चाहते हैं तो खुलकर जाएं। उन्होंने कहा, “या तो तृणमूल कांग्रेस में रहकर हमारे साथ काम करें या फिर सीधे भाजपा में शामिल हो जाएं। बीच में रहकर पार्टी को नुकसान पहुंचाने की कोशिश न करें।”
पूर्व टीएमसी नेताओं को भाजपा ने बनाया उम्मीदवार
ममता बनर्जी का यह बयान ऐसे समय आया है जब टीएमसी के कई वरिष्ठ नेताओं ने पार्टी छोड़कर भाजपा का दामन थामा है। भाजपा ने पश्चिम बंगाल में होने वाले राज्यसभा उपचुनाव के लिए पूर्व टीएमसी नेताओं सुष्मिता देव, सुखेंदु शेखर रॉय और प्रकाश चिक बराइक को उम्मीदवार बनाया है।
इन नेताओं के भाजपा में शामिल होने के बाद राज्य की राजनीति में सियासी हलचल तेज हो गई है। विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत के बाद राज्यसभा की इन सीटों पर भी भाजपा की स्थिति मजबूत मानी जा रही है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत