मुंबई:एकनाथ शिंदे सरकार के पहले बजट में कई बड़ी घोषणाएं की गई हैं। वित्त मंत्रालय संभाल रहे डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने बजट भाषण में पीएम किसान सम्मान निधि की तर्ज पर ही एक नई योजना का ऐलान किया है। इसके तहत सूबे के 1.5 करोड़ किसानों को सालाना 6,000 रुपये की मदद दी जाएगी। इस स्कीम पर हर साल सरकार की ओर से 6900 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा प्रदेश में गरीब परिवारों के लिए मुख्यमंत्री आवास योजना का भी ऐलान हुआ है। इस स्कीम के जरिए 10 लाख परिवारों को आवास दिए जाएंगे। 1 अप्रैल से शुरू हो रहे 2023-24 वित्त वर्ष में ही 3 लाख घर तैयार करने का प्लान है।
यही नहीं किसानों को एक और बड़ी सौगात देते हुए महज एक रुपये के प्रीमियम पर पीएम फसल बीमा योजना का लाभ दिया जाएगा। डिप्टी सीएम फडणवीस ने कहा कि हमारा यह बजट पंचामृत पर आधारित है। यह बजट किसानों, युवाओं, महिलाओं, रोजगार और पर्यावरण के लिए समर्पित है। ईकोफ्रेंडली खेती के मकसद से बजट में अगले तीन सालों में 1000 करोड़ रुपये का खर्च ऑर्गेनिक खेती पर करने का ऐलान किया गया है। इसके तहत 25 लाख हेक्टेयर जमीन पर जैविक खेती की जाएगी।
शिवाजी के दौर के किले होंगे संरक्षित, गरीबों को राशन के अलावा रकम भी
इसके अलावा मराठा विरासत के संरक्षण पर खास जोर सरकार ने दिया है। फडणवीस ने ऐलान किया कि छत्रपति शिवाजी महाराज के दौर के किलों के संरक्षण पर 300 करोड़ रुपये खर्च होंगे। किसानों की आत्महत्या से प्रभावित 14 जिलों में गरीब परिवारों को मुफ्त राशन के अलावा सालाना 1800 रुपये कैश की मदद भी दी जाएगी। वहीं 5 लाख रुपये का इंश्योरेंस कवर मछुआरों को देने का भी ऐलान हुआ है। बीपीएल परिवारों की कन्याओं को भी 75000 रुपये की सहायता 18 साल की उम्र होने तक मिलेगी। सरकारी बसों में महिलाओं को आधा किराया ही देना होगा।
हेल्थ बीमा भी 5 लाख रुपये का मिलेगा, आंगबाड़ियों की बढ़ी सैलरी
बीपीएल परिवारों को एकनाथ शिंदे सरकार ने इलाज के लिए भी बड़ी राहत दी है। उन्हें अब तक मेडिक्लेम के तहत 1.5 लाख रुपये का बीमाकवर मिलता था, जिसे अब बढ़ाकर 5 लाख रुपये कर दिया गया है। इसे महात्मा फुले जीवनदायी योजना नाम दिया गया है। आंगनवाड़ी महिलाओं की आजीविका भी बढ़ाने का ऐलान किया गया है। उन्हें अब तक 8300 रुपये ही मिलते थे। इस रकम को अब बढ़ाकर 10 हजार रुपये करने का ऐलान हुआ है। आंगनवाड़ी सहायिकाओं की सैलरी भी 4425 रुपये महीने से बढ़ाकर 5500 रुपये कर दी गई है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

