मुंबई:बृह्नमुंबई महानगरपालिका चुनाव की तैयारियों में जुटी भारतीय जनता पार्टी के ‘पोल खोल’ अभियान को झटका लगा है। अभियान का हिस्सा रहा वाहन सोमवार को चेंबूर में क्षतिग्रस्त हालत में मिला है। इस बात की जानकारी भाजपा प्रवक्ता ने दी। इस अभियान में 40 वाहन शामिल हैं, जिनके ऊपर स्क्रीन लगी हुई है। सोमवार को भाजपा ने इस साल के मध्य में होने वाले निकाय चुनाव के लिए पोल खोल अभियान की शुरुआत कर दी है।
मुंबई भाजपा के अध्यक्ष मंगल प्रभात लोढ़ा ने पार्टी कार्यकर्ताओं से शहर में घूमकर शिवसेना के नेतृत्व वाली BMC में भ्रष्टाचार के बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए कहा। इसके बाद एक वाहन चेंबूर में पार्क किया गया था, जिसे मंगलवार सुबह 11 बजे हरी झंडी दिखाई जानी थी। भाजपा नेता प्रवीण दारेकर और प्रसाद लाड इस वाहन को हरी झंडी दिखाने वाले थे।
दारेकर ने मीडिया को बताया कि उन्हें शक है कि इस तोड़फोड़ के पीछे शिवसेना कार्यकर्ता हो सकते हैं। उन्होंने कहा, ‘अगर पुलिस ने तोड़फोड़ के लिए जिम्मेदार लोगों को गिरफ्तार नहीं किया, तो हम आंदोलन करेंगे।’ लाड के एक सहयोगी ने कहा, ‘इस वाहन की विंडशील्ड रातभर में तोड़ी गई है। जब हम मंगलवार को मौके पर पहुंचे, तो हमने यह पाया। यह हमारे अभियान को प्रभावित करने का जानबूझकर की गई कोशिश है।’
भाजपा नेता अतुल भटकलकर ने कहा, ‘सोमवार को हमने गोरेगांव की पात्रा चॉल में अभियान की शुरुआत की थी। इसके सामने शिवसेना की शाखा थी, तो शिवसेना पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम पर आपत्ति जताई। हमने पुलिस से बात की है और पुलिस अनुमति के साथ कांदिवली रेलवे स्टेशन के पास एक स्टेज स्थापित किया जाएगा।’













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
