नई दिल्ली: नए संसद भवन के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा किये जाने का विरोध करने पर शहरी विकास मंत्री हरदीप पुरी ने कांग्रेस को आड़े हाथों लिया। पुरी ने कांग्रेस में राष्ट्रीय चेतना और देश की उपलब्धियों को लेकर गौरव की भावना की कमी का आरोप लगाया। कई ट्वीट कर पुरी ने कांग्रेस को याद दिलाया कि पहले प्रधानमंत्री के रूप में इंदिरा गांधी संसदीय सौंध का उद्घाटन किया था और राजीव गांधी द्वारा लाइब्रेरी भवन की आधारशिला रखी थी।
हरदीप पुरी ने बताया कि किस तरह पहले कांग्रेस नेता द्रौपदी मुर्मु के राष्ट्रपति बने पर अभद्र टिप्पणी कर रहे थे और उसी कांग्रेस के नेता नए संसद भवन के उद्घाटन के लिए उनका चुनाव नहीं किये जाने पर अनावश्यक टिप्पणी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह दुखद है कि राष्ट्रीय पार्टी होने का दावा करने वाली कांग्रेस में भारत की प्रगति में राष्ट्रीय भावना और गर्व की भावना का अभाव है।
पुरी ने कांग्रेस को याद दिलाया कि 24 अक्टूबर 1975 को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने संसदीय एनेक्सी का उद्घाटन किया था और और 15 अगस्त 1987 को राजीव गांधी ने पार्लियामेंट लाइब्रेरी की नींव रखी थी। पुरी ने कहा कि अब अपने पाखंड को सही ठहराने के लिए संविधान के अनुच्छेद खोजने के बजाय उन्हें देश की इस महत्वपूर्ण उपलब्धि में शामिल होना चाहिए।
पुरी ने कहा कि खुद राष्ट्रपति मुर्मू भी चाहती हैं कि प्रधानमंत्री मोदी नए भवन का उद्घाटन करें। वहीं कांग्रेस पर निशाना साधते भाजपा मीडिया विभाग के प्रभारी अनिल बलूनी ने कहा कि राहुल गांधी की अराजकतावादी राजनीति के कारण कांग्रेस की विकृत मानसिकता अधिक गहरी हो गई है।
उनके अनुसार देश की जनता संसद के नए भवन के उद्घाटन का बेसब्री से इंतजार कर रही है। यह भारतीय लोकतंत्र का प्रतीक होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं की टिप्पणियां नकारात्मक और पराजयवादी मानसिकता को दर्शाती हैं। प्रधानमंत्री मोदी 28 मई को नए संसद भवन का उद्घाटन करेंगे।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

