पथरिया:अभिनेत्री कंगना रनौत ने चुनाव में उतरने की बात कहकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है। वह मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले की रहने वाली हैं। कंगना ने शुक्रवार को गुजरात के द्वारका में अपनी सियासी पारी का आगाज करने का संकेत देते हुए कहा था कि अगर भगवान कृष्ण की कृपा रही तो वह अगला लोकसभा चुनाव लड़ेंगी।
पिछले लंबे अरसे से कंगना रनौत केंद्र की भाजपा सरकार और खासकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करती आ रहीं हैं। इससे कयास लगाए जा रहे हैं कि लोकसभा चुनावों में भाजपा कंगना को मंडी सीट से चुनाव में उतार सकती है। जातीय समीकरण के हिसाब से राजपूत और अनुसूचित जाति के मतदाता इस सीट पर ज्यादा हैं। कंगना रनौत भी राजपूत हैं। चर्चा इसलिए भी तेज हो गई, क्योंकि कंगना का पैतृक घर मंडी जिले के भांबला में है। वर्तमान में वह कुछ सालों से कुल्लू में अपने नए घर में रह रही हैं।
दोनों दलों ने राजपूत और ब्राह्मण प्रत्याशी ही उतारे : मंडी लोकसभा पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का क्षेत्र रहा है। 1980 के दशक में जब वह राजनीति में आए तो कांग्रेस ने पंडित सुखराम को इस सीट से प्रत्याशी बनाया। दोनों केंद्र में मंत्री भी रहे। भाजपा की तरफ से कुल्लू रियासत के शासक रहे महेश्वर सिंह भी यहां से सांसद रहे हैं। राजपूत और ब्राह्मण प्रत्याशी ही दोनों दलों ने आज तक इस सीट से उतारे हैं। इस लोकसभा सीट में 17 विधानसभा क्षेत्र आते हैं।
कांग्रेस से ताल्लुक रखता है अभिनेत्री का परिवार
अभिनेत्री कंगना रनौत का परिवार पुराने समय से कांग्रेस पार्टी से जुड़ा है। कंगना के परदादा सरजू सिंह स्वतंत्रता आंदोलन के साथ जुड़े थे। वे कांग्रेस पार्टी के सक्रिय सदस्य रहे। हिमाचल प्रदेश को जब टेरिटोरियल काउंसिल का दर्जा हासिल था तो उन्होंने कांग्रेस पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ा और वह 1963 से 1967 तक सदस्य रहे।
श्रीकृष्ण की कृपा रही तो लोकसभा चुनाव लडूंगी : अभिनेत्री कंगना रनौत
गौरतलब है कि कंगना ने शुक्रवार को भगवान कृष्ण के प्रसिद्ध द्वारकाधीश मंदिर में पूजा-अर्चना करने के लिए यहां आई थीं। इस दौरानन पत्रकारों ने जब उनसे पूछा कि क्या वह अगला लोकसभा चुनाव लड़ेंगी, तब कंगना ने कहा, “श्री कृष्ण की कृपा रही तो लड़ेंगे।” उन्होंने 600 वर्षों के संघर्ष के बाद अयोध्या में भगवान राम की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा को संभव बनाने के लिए भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की जमकर प्रशंसा की। अभिनेत्री ने कहा कि भाजपा सरकार के प्रयासों से हम भारतीयों को 600 वर्षों के संघर्ष के बाद यह दिन देखने को मिला है। हम बड़े धूमधाम के साथ मंदिर की स्थापना करेंगे। सनातन धर्म का ध्वज पूरे विश्व में फहराया जाना चाहिए।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
