RCB vs CSK Highlights IPL 2024: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने आईपीएल 2024 में प्लेऑफ का टिकट हासिल कर लिया है। आरसीबी ने शनिवार को चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) को 27 रन से हराकर अगले राउंड में एंट्री की। सीएसके की महज 10 रन से उम्मीद टूट गई। आरसीबी ने बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में 219 रन का लक्ष्य रखा, जिसके जवाब में चेन्नई की टीम 7 विकेट के नुकसान पर 191 रन ही बना सकी। सीएसके को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए 201 रन की जरूरत थी। ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा और दिग्गज एमएस धोनी की मेहनत पर पानी फिर गया। जडेजा ने मुश्किल हालात में 22 गेंदों में नाबाद 22 रन बनाए। उन्होंने तीन चौके ठोके और तीन छक्के उड़ाए। धोनी के बल्ले से 13 गेंदों में 25 रन निकले। उन्होंने एक छक्का और तीन चौके जमाए। आरसीबी प्लेऑफ में पहुंचने वाली चौथी और आखिरी टीम है। उससे पहले, कोलकाता नाइट राइडर्स, राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद ने प्लेऑफ का टिकट कटाया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए चेन्नई ने खराब आगाज किया। कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ गोल्डन डक का शिकार हुए। वह पारी की पहली गेंद पर पवेलियन लौटे। डेरिल मिचेल (4) का बल्ला भी नहीं चला। सलामी बल्लेबाज रचिन रविंद्र (37 गेंदों में 67) ने अजिंक्य राहणे (22 गेंदों में 33) के साथ तीसरे विकेट के लिए 66 रन जोड़े और चेन्नई की पारी को संभालने का प्रयास किया। शिवम दुबे (15 गेंदों में 7) रंग में नजर नहीं आए। दुबे ने रचिन के साथ चौथे विकेट के लिए 30 रन की पार्टनरशिप की। मिचेल सैंटनर (3) सस्ते में पवेलियन लौटे। सीएसके ने छह विकेट 129 के स्कोर पर गंवा दिए। ऐसे में जडेजा और धोनी ने जिम्मेदारी उठाई। दोनों ने सातवें विकेट के लिए 61 रन की अहम साझेदारी की। एक समय लग रहा था कि दोनों चेन्नई का बेड़ा पार लगा देंगे लेकिन ऐसा नहीं हुआ। यश दयाल ने 20वें ओवर की दूसरी गेंद पर धोनी को अपने जाल में फंसाया। शार्दुल (नाबाद 1) ने तीसरी गेंद पर कोई रन नहीं बनाया और चौथी पर सिंगल निकाला। जडेजा अंतिम दो गेंदों पर एक भी रन नहीं जुटा सके। दयाल ने कुल दो विकेट लिए। मोहम्मद सिरजा, ग्लेन मैक्सवेल, लॉकी फर्ग्यूसन और कैमरून ने एक-एक विकेट अपने नाम किया।
इससे पहले, आरसीबी ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 218 रन जुटाए। कप्तान फाफ डुप्लेसी ने सर्वाधिक रन बनाए। उन्होंने 39 गेंदों में तीन चौकों और तीन छक्कों की मदद से 54 रन की पारी खेली। टॉस गंवाकर पहले बैटिंग करने उतरी आरसीबी की शुरुआत अच्छी रही। डुप्लेसी और विराट कोहली (29 गेंदों में 47) ने पहले विकेट के लिए 78 रन की साझेदारी की। कोहली 10वें ओवर में मिचेल सैंटनर का शिकार बने। डुप्लेसी 13वें ओवर में रन आउट हुए। इसके बाद, रजत पाटीदार (23 गेंदों में 41) और कैमरून ग्रीन (17 गेंदों में नाबाद 38) ने बखूबी मोर्चा संभाला। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 71 रन की पार्टनरशिप की। पाटीदार 18वें ओवर में पवेलियन लौटे। दिनेश कार्तिक ने 6 गेंदों में 14 रन जोड़े और 19वें ओवर में तुषार देशपांडे के जाल में फंसे। ग्लेन मैक्सवेल ने 5 गेंदों में 16 रन का योगदान दिया। उन्हें शार्दुल ठाकुर ने अंतिम ओवर में अपना शिकार बनाया।
बता दें कि आरसीबी वर्सेस सीएसके मैच में तीन ओवर का खेल होने के बाद बारिश ने खलल डाला था। हालांकि, 40 मिनट बाद दोबारा खेल शुरू हो गया। आरसीबी ने लीग चरण का समापन चौथे स्थान पर रहकर किया। आरसीबी ने 14 मैचों में से सात जीते और सात गंवाए। बेंगलुरु का पहला हाफ बेहद खराब रहा लेकिन उसके बाद टीम ने जोरदार वापसी की और लगातार 6 जीत के साथ प्लेऑफ में जगह बनाई। वहीं, सीएसके पॉइंट्स टेबल में पांचवें स्थान पर रही। सीएसके ने पिछले साल ट्रॉफी पर कब्जा जमाया था। धोनी ने मौजूदा सीजन से पहले गायकवाड़ को सीएसके की कप्तानी सौंपी थी।
RCB vs CSK Score
CSK 191/7 (20 ओवर)
RCB 218/5 (20 ओवर)
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की प्लेइंग इलेवन: फाफ डु प्लेसिस (कप्तान), विराट कोहली, ग्लेन मैक्सवेल, रजत पाटीदार, कैमरून ग्रीन, महिपाल लोमरोर, दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर, कर्ण शर्मा, यश दयाल, लॉकी फर्ग्यूसन, मोहम्मद सिराज
चेन्नई सुपर किंग्स की प्लेइंग इलेवन): ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), रचिन रविंद्र, डेरिल मिशेल, अजिंक्य रहाणे, रविंद्र जडेजा, एमएस धोनी (विकेटकीपर), मिशेल सेंटनर, शार्दुल ठाकुर, तुषार देशपांडे, सिमरजीत सिंह, महेश तीक्षणा।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

