रांची। झारखंड में विधानसभा चुनाव की हलचल तेज होने लगी है। इस बीच शनिवार को भारतीय जनता मोर्चा (भाजमो) नेता और जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय ने एक्स पर बड़ी जानकारी साझा की। इसमें उन्होंने बताया है कि इस बार उनकी पार्टी भाजमो नीतीश कुमार की पार्टी जदयू के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी।
सरयू राय ने इस संबंध में एक्स पर एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि शनिवार को पटना स्थित मुख्यमंत्री आवास में नीतीश कुमार के साथ भेंट की, जिसमें चर्चा के बाद झारखंड में विधानसभा चुनाव साथ मिलकर लड़ने पर सहमति बनी। शेष औपचारिकताओं पर जदयू नेतृत्व जल्द निर्णय लेगा।
झारखंड की राजनीति में नीतीश-सरयू की जोड़ी को बड़ा संदेश माना जा रहा है, क्योंकि वर्तमान स्थिति में सरयू राय भाजपा से अलग भाजमो के नेता हैं। वे जमशेदपुर पूर्वी से चुनाव लड़ने की घोषणा पहले ही कर चुके हैं। जमशेदपुर पूर्वी वही विधानसभा क्षेत्र है, जिसे भाजपा का गढ़ माना जाता रहा है। सरयू से पहले यहां से पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास विधायक हुआ करते थे। ऐसे में भाजपा के कार्यकर्ताओं में क्या करें, क्या न करें की स्थिति बननी तय है। सरयू राय के इस चुनावी दांव को उनकी चाणक्य नीति का हिस्सा माना जा रहा है।
सामने आई नीतीश कुमार संग तस्वीर
सरयू राय ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार संग एक तस्वीर भी शेयर की है। कैप्शन में उन्होंने लिखा कि ‘पटना मुख्यमंत्री निवास में नीतीश कुमार के साथ भेंट हुई। झारखंड विधानसभा के आगामी चुनाव में हमारी संभावित भूमिका के बारे में संक्षिप्त परंतु फलदायक चर्चा हुई। साथ में झारखंड विधानसभा चुनाव लड़ने पर सहमति बनी। शेष चुनावी औपचारिकताओं पर जद(यु) नेतृत्व शीघ्र निर्णय लेगा।’













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

