नई दिल्ली:आर्थिक मोर्चे पर भारत के लिए गुड न्यूज है। 16 जुलाई को जारी वर्ल्ड इकोनॉमिक आउटलुक के अनुसार, अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) ने वित्त वर्ष 2025 के लिए भारत की जीडीपी का अनुमान अप्रैल में अनुमानित 6.8 प्रतिशत से बढ़ाकर 7 प्रतिशत कर दिया। वहीं, र्ल्ड इकोनॉमिक आउटलुक अपडेट के अनुसार, आईएमएफ को उम्मीद है कि इस साल विश्व अर्थव्यवस्था 3.2 प्रतिशत की दर से बढ़ेगी, जो उसके अप्रैल के पूर्वानुमान से अपरिवर्तित है। आईएमएफ का ग्लोबल ग्रोथ पूर्वानुमान कैलेंडर वर्ष 2024 के लिए 3.2 प्रतिशत और 2025 के लिए 3.3 प्रतिशत पर बरकरार है।
बता दें कि इससे पहले जून में, भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने पिछले महीने वित्त वर्ष 2024-25 के लिए जीडीपी की वृद्धि दर 7.2 प्रतिशत रहने का अनुमान लगाया था। हाल ही में नीति आयोग ने कहा है कि भारतीय अर्थव्यवस्था चालू वित्त वर्ष 2024-25 में करीब सात प्रतिशत की दर से बढ़ेगी और आने वाले कई वर्षों तक यही वृद्धि दर बरकरार रहने की संभावना है। हालांकि, देश के सामने नई चुनौतियां हैं और उनसे निपटना होगा।
IMF ने क्या कहा?
IMF ने कहा कि भारत में वृद्धि के लिए पूर्वानुमान को 7 प्रतिशत तक ऊपर की ओर रिवाइज किया गया है। इस बदलाव में 2023 में ग्रोथ के लिए ऊपर की ओर रिवाइज और विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में निजी खपत के बेहतर संभावनाओं का योगदान है। साथ ही वर्ल्ड इकोनॉमिक आउटलुक में कहा गया है कि साल के अंत में ग्लोबल एक्टिविटी और ट्रेड में मजबूती आई है। एशिया से मजबूत निर्यात के कारण व्यापार में तेजी आई।
‘2031 तक दुनिया की दूसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बन सकता है भारत’
आपको बता दें कि हाल ही में भारतीय रिजर्व बैंक के डिप्टी गवर्नर माइकल डी पात्रा ने कहा कि भारत की मजबूत बुनियाद और अंतर्निहित क्षमता को देखते हुए देश 2031 तक दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था और 2060 तक दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन सकता है। उन्होंने कहा कि इसके लिए भारत को श्रम उत्पादकता, बुनियादी ढांचे, सकल घरेलू उत्पाद में विनिर्माण क्षेत्र का योगदान और टिकाऊ वृद्धि के लिए अर्थव्यवस्था को हरित बनाने से जुड़ी विभिन्न चुनौतियों से पार करना होगा। रिजर्व बैंक के वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि ऐसा अनुमान लगाया गया है कि यदि भारत अगले दस वर्षों में 9.6 प्रतिशत प्रति वर्ष की दर से वृद्धि करता है, तो यह निम्न मध्यम आय के जाल से मुक्त हो जाएगा और एक विकसित अर्थव्यवस्था बन जाएगा।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
