डेस्क:चश्मा बनाने वाली कंपनी लेंसकार्ट के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को सेबी ने मंजूरी दे दी है। अब कंपनी आईपीओ के लिए इश्यू प्राइस और लॉन्चिंग की तारीख का ऐलान करेगी। ऐसा अनुमान है कि नवंबर में कंपनी की लिस्टिंग हो सकती है। बता दें कि कुल आईपीओ का आकार 7,500-8,000 करोड़ रुपये ($850-900 मिलियन) होने की उम्मीद है। यह इसे टाटा कैपिटल और एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स के बाद इस साल के सबसे बड़े इश्यू में से एक बना देगा।
आईपीओ में फ्रेश इश्यू कितना?
लेंसकार्ट के ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (डीआरएचपी) के मुताबिक आईपीओ में 2,150 करोड़ रुपये के इक्विटी शेयरों का एक नया इश्यू शामिल होगा। इसके साथ ही मौजूदा निवेशकों और प्रमोटरों द्वारा 13.2 करोड़ शेयरों की बिक्री पेशकश (ओएफएस) भी होगी। ओएफएस में सॉफ्टबैंक समर्थित एसवीएफ II, अल्फा वेव वेंचर्स, टेमासेक के सहयोगी, प्रेमजी इन्वेस्ट और केदारा कैपिटल सहित प्रमुख शेयरधारक भागीदारी करेंगे।
कौन-कौन बेच रहा हिस्सेदारी?
लेंसकार्ट के प्रमोटर्स में पीयूष बंसल 2 करोड़ शेयर बेचेंगे जबकि नेहा बंसल, अमित चौधरी और सुमीत कपाही प्रत्येक अपनी छोटी हिस्सेदारी बेचेंगे। वर्तमान में प्रमोटरों के पास कंपनी की सामूहिक हिस्सेदारी 19.96 प्रतिशत है जबकि 80.04 प्रतिशत हिस्सेदारी संस्थागत और अन्य शेयरधारकों के पास है। लेंसकार्ट ने वित्त वर्ष 2025 में 297.3 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट दर्ज किया जबकि वित्त वर्ष 2024 में उसे 10.2 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था।
पिछले दो वर्षों में 33 प्रतिशत की चक्रवृद्धि वार्षिक वृद्धि दर (CAGR) के साथ, राजस्व भी साल-दर-साल 23 प्रतिशत बढ़कर 6,652.5 करोड़ रुपये हो गया। आईपीओ से जुटाई गई राशि का इस्तेमाल कंपनी द्वारा संचालित और कंपनी के मालिकाना हक वाले नए स्टोर शुरू करने लीज, किराया और लाइसेंस समझौते के भुगतान के लिए किया जायेगा। इसके साथ ही टेक्नोलॉजी, क्लाउड संबंधी इंफ्रा, ब्रांड के विपणन और कारोबार के प्रमोशन के लिए किया जायेगा। कोटक महिंद्रा, मॉर्गन स्टेनली, सिटी, एवेंडस कैपिटल और इंटेंसिव फिस्कल सर्विसेज इसके आईपीओ के मर्चेंट बैंकर हैं।
कंपनी के बारे में
साल 2008 में स्थापित लेंसकार्ट दुनिया भर में 2000 से अधिक स्टोर संचालित करती है, जिसकी ऑनलाइन और ऑफलाइन उपस्थिति मजबूत है। इसे सॉफ्टबैंक, एडीआईए, टेमासेक, केकेआर, अल्फा वेव, टीपीजी और केदारा कैपिटल जैसे प्रमुख वैश्विक निवेशकों का समर्थन प्राप्त है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
