आजमगढ़:सपा के वरिष्ठ नेता आजम खां ने कहा कि भाजपा ने मुल्क को आग के हवाले कर दिया है। देश में घृणा का माहौल है। लोग एक दूसरे के घर और मुहल्लों में जाने से डर रहे हैं। बस और ट्रेन की यात्रा करने से घबरा रहे हैं। वर्तमान समय में जो हालात हैं। वह आप लोगों के सामने है।
आजम शनिवार को गोपालपुर विस क्षेत्र के नसीरपुर गांव और मुबारकपुर विस क्षेत्र के कपूराशाह दीवान बाग में आयोजित चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार पर जमकर हमला बोला। कहा कि मेरे ऊपर किताबें-फर्नीचर, मुर्गी चोरी, डकैती की धाराएं लगाई गईं।
हमारे मुखालिफों ने हमारा मयार बहुत हल्का रखा। उन्हें अगर मुकदमा कराना ही था तो कुतुबमीनार और ताजमहल चोरी का कराते। अपनी व्यथा जनता को सुनाते हुए आजम ने कहा कि मैं 27 महीने जेल में रहा। मुझे एक कोठरी में बंद किया गया था। बाहर नहीं निकलने दिया जा रहा था। मेरे स्थान पर कोई दूसरा होता तो आत्महत्या कर लेता। लेकिन मैं धैर्य से सारे जुल्म सहता रहा।
आजम खां ने कहा कि जिस देश का बादशाह झूठ बोल रहे हो। उससे कैसी उम्मीद की जा सकती है। उन्होंने कहा कि देश का मुखिया आठ वर्षों से जनता को गुमराह किया है। मैं आप लोगों से कुछ अलग से मांगने नहीं आया हूं। इस चुनाव नतीजे से न कोई सरकार बनने वाली है, न गिरने वाली है। लेकिन इतना जरूर है कि सपा का उम्मीदवार जीतने के बाद रामपुर में चले बुलडोजर का हिसाब अवश्य हो जाएगा। उन्होंने कहा कि कुछ लोग मुझे आजमगढ़ न आने का मैसेज दिया था। मेरा यहां आना उनके लिए भी एक मैसेज है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
