डेस्क : गुजरात के मोरबी जिले से मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। यहां आर्थिक तंगी और मात्र 2000 रुपये मासिक किराए को लेकर हुए विवाद में एक परिवार के साथ अमानवीय अपराध किए जाने का आरोप लगा है। मामले में पति पर अपनी पत्नी और 13 वर्षीय नाबालिग बेटी के यौन शोषण की अनुमति देने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, यह मामला तब सामने आया जब पीड़िता की मां और परिजनों ने शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर मोरबी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पति और मकान मालिक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित परिवार कुछ समय पहले रोजगार की तलाश में मोरबी आया था और यहां 2000 रुपये मासिक किराए पर मकान लेकर रह रहा था। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परिवार किराया समय पर अदा नहीं कर सका, जिसके बाद विवाद गहराता गया।
आरोप है कि इसी आर्थिक मजबूरी का फायदा उठाते हुए मकान मालिक और उसके साथियों ने महिला और उसकी नाबालिग बेटी का कई बार शोषण किया। बताया जा रहा है कि यह घटनाएं अलग-अलग स्थानों पर अंजाम दी गईं।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और पॉक्सो अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। दोनों मुख्य आरोपियों को हिरासत में लेकर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है और समाज में सुरक्षा व्यवस्था तथा कमजोर वर्गों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत